सुंदरनगर, 22 अप्रैल : सड़कों पर घूम रहे आवारा पशु आम जनमानस के लिए जानलेवा बनते जा रहे है। ताजा मामले में मंडी जिला के सुंदरनगर नगर परिषद क्षेत्र में एक आवारा बैल ने 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला को लहूलुहान कर दिया है। मामले में घायल बुजुर्ग महिला सिविल अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रही है।

जानकारी के अनुसार शनिवार दोपहर नगर परिषद के वार्ड नंबर-10 चांगर में घर के स्टोर रूम में घुसे एक बैल ने 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में बुजुर्ग महिला के सिर, नाक और बाजू में चोटें आई हैं। महिला का उपचार सिविल अस्पताल में जारी है। वहीं घटना का एक सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है।
बता दें कि इससे पूर्व भी नगर परिषद सुंदरनगर और मुख्य रूप से चांगर क्षेत्र में आवारा बैल व कुत्तों द्वारा स्थानीय लोगों पर हमला कर उन्हें घायल किया है। शहर से गुजरने वाले हाईवे और मुख्य बाजारों में भी आवारा घूम रहे जानवरों से लोग व वाहन चालक भी खासे परेशान हैं।
इन जानवरों के कारण बाजारों में आने वाले लोग भी भयभीत हैं। कभी भी जानवरों द्वारा उन पर हमला कर दिया जाता है। लेकिन इस समस्या को लेकर बार-बार प्रशासन को शिकायत करने के बावजूद भी आज दिन तक कोई समाधान नहीं निकल पाया। इसका सीधा खामियाजा वाहन चालकों और लोगों को भुगतना पड़ रहा है।
मामले को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल के संगठन सचिव सुरेश कौशल ने कहा कि शहर में आवारा पशुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। जिसे लेकर लगातार शिकायत करने के बावजूद भी प्रशासन व सरकार समस्या से निजात नहीं दिला पा रहे है। इसका नुकसान वाहन चालकों सहित अन्य लोगों को भुगतना पड़ रहा है।