शिमला, 21 अप्रैल : न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्रा राव होंगे हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय के नए मुख्य न्यायाधीश होंगे। सुप्रीम कोर्ट के कॉलेजियम ने न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्रा राव के नाम की सिफारिश की है। न्यायमूर्ति अमजद ए. सयैद की सेवानिवृत्ति के बाद हिमाचल प्रदेश के उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का पद रिक्त है। वर्तमान में हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में वरिष्ठतम न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान बतौर कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश सेवा दे रहे हैं।

न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्रा राव का जन्म 7 अगस्त 1966 को हैदराबाद में हुआ। उनके पिता न्यायमूर्ति एम. जगन्नाध राव भी न्यायाधीश थे। न्यायमूर्ति एमएस रामचंद्रा राव 7 सितंबर 1989 को एक वकील के रूप में नामांकित हुए। उन्होंने नागरिक कानून, मध्यस्थता, कंपनी कानून, प्रशासनिक और संवैधानिक कानून, श्रम और सेवा कानून में अभ्यास किया। उन्हें 29 जून 2012 को आंध्र प्रदेश उच्च न्यायालय के अतिरिक्त न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत किया गया, और 4 दिसंबर 2013 को स्थायी किया गया।
उन्होंने 31 अगस्त 2021 को तेलंगाना उच्च न्यायालय के कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश के रूप में पदभार संभाला। उन्हें 5 अक्टूबर 2021 को पंजाब और हरियाणा उच्च न्यायालय के न्यायाधीश के रूप में स्थानांतरित किया गया, और 12 अक्टूबर 2021 को उन्होंने शपथ ली।