शिमला, 21 अप्रैल : राज्य स्तरीय शिमला में हुई बैठक में पूर्व सांसद एवं असंगठित कामगार एवं कर्मचारी कांग्रेस के अध्यक्ष उदित राज ने केंद्र की मोदी सरकार पर मजदूरों के शोषण के आरोप लगाए हैं। कांग्रेस की सरकार को मजदूर हितैषी करार दिया है। उदित राज ने कहा कि देश में जितने भी मजदूर हितैषी कानून व योजनाएं चली हुई है। वह कांग्रेस सरकार के समय से चली आ रही है।
कांग्रेस सरकार ने मजदूरों के लिए मनरेगा योजना शुरू की। कोरोना काल में यह स्कीम मजदूरों के लिए कारगर सिद्ध हुई है। लेकिन मोदी सरकार ने मनरेगा का बजट घटाकर मजदूरों के साथ धोखा किया है। मनरेगा से 15 करोड़ परिवार जुड़े हैं, लेकिन जो बजट पहले 110 करोड़ था उसे घटाकर मोदी सरकार ने 60 करोड़ किया है। जितने भी मजदूरों के लिए कानून बने हैं वह कांग्रेस के समय बने हैं।
बीजेपी सरकार सब कुछ अदानी के हाथों में सौंप रही है, मजदूरों का शोषण हो रहा है। असंगठित मजदूरों को संगठित करने की जरूरत है। राहुल गांधी अदानी के खिलाफ बोल रहे हैं। इसलिए उन्हे जेल में डालने की साजिश रची गई है। वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष व सांसद प्रतिभा सिंह ने कहा कि बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष दिल्ली से पहुंचे हैं। मजदूरों को जिन योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए उसके लिए विचार विमर्श किया जाएगा, और मजदूरों के हित में काम किया जाएगा।