संगड़ाह, 20 अप्रैल : दो दिन पहले विश्राम गृह में हुई श्री रेणुका जी कांग्रेस कमेटी की बैठक में सर्वसम्मति से कमेटी के अध्यक्ष व पूर्व कांग्रेस प्रदेश सचिव बृजराज ठाकुर सहित चार कार्यकर्ताओं को निष्कासित करने का प्रस्ताव पास किया था। बृजराज ठाकुर, मनोज ठाकुर, विजय ठाकुर, और अरुण ठाकुर के निष्कासन करने संबंधी जानकारी कांग्रेस अध्यक्षा प्रतिभा सिंह को भेजी थी।

कांग्रेस अनुशासन समिति अध्यक्ष व पूर्व सांसद विप्लव ठाकुर ने खबरों पर संज्ञान लेते हुए कहा कि इन सभी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द किया जाता है। उन्होंने कहा कि श्री रेणुका जी कांग्रेस ने पार्टी के संविधान के अनुसार शिकायतों के आधार पर निष्कासन की उचित प्रक्रिया नहीं अपनाई है। उन्होंने कहा कि ऐसी किसी भी पार्टी विरोधी गतिविधियों की शिकायत राज्य अनुशासन समिति के समक्ष पेश किया जाना चाहिए था।
उन्होंने श्री रेणुका जी ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष को यह भी सलाह दी कि आगे की कार्रवाई के लिए तथ्य के साथ शिकायत को अनुशासन समिति को भेजें। प्रदेश कांग्रेस महासचिव रजनीश खिमटा ने कहा कि इन सभी 4 कांग्रेसी कार्यकर्ताओं का निष्कासन रद्द किया जाता है।