सोलन, 20 अप्रैल : उपमंडल नालागढ़ के गांव मगनपुरा में सिलेंडर में आग लगने से एक घर पूरी तरह से जलकर राख हो गया। हादसे की चपेट में आने से एक महिला व 2 छोटे बच्चे भी झुलस गए, जिनके हाथ व पांव में चोट आई है। घटना उस समय हुई जब राम नाथ का परिवार खाना खा रहा था। फायर विभाग की टीम सूचना मिलते ही मौके के लिए रवाना हुई।

अग्निकांड में घर में रखा कीमती सामान आभूषण, फ्रिज, कूलर, टेबल फैन, पंखे, पेट्टियां, अलमारी, कुर्सियां, कपड़े व अन्य सामान था, जो जलकर राख हो गया। पीड़ित राम नाथ पुत्र दास राम ने बताया कि देर रात जब खाना खा रहे थे तो सिलेंडर में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। उन्होंने बताया कि हादसे में करीब 10 लाख का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से राहत की गुहार लगाई है।
वहीं, पंचायत मझौली के पूर्व उप प्रधान राजेंद्र कुमार ने बताया कि गांव में एक घर में देर रात आग लगने की सूचना मिली है। पंचायत की ओर से भी कार्रवाई की जा रही है, ताकि पीड़ितों को राहत दिलाई जा सके।