नाहन, 19 अप्रैल : डॉ. यशवंत सिंह परमार मेडिकल कॉलेज (Dr. Yashwant Singh Parmar Medical College) में महिला सुरक्षा कर्मी ने ईमानदारी की मिसाल कायम की है। पांवटा साहिब के बनोग की नीता देवी पत्नी इन्द्रजीत मेडिकल कॉलेज में रूटीन चैकअप के लिए ओपीडी (OPD) में आई थी। रूम नंबर 202 के समीप नीता देवी का पर्स गिर गया, लेकिन उन्हें इसका इल्म नहीं हुआ। इसी बीच डयूटी पर तैनात सुरक्षा कर्मी राजलक्ष्मी को ये पर्स मिला।

इसी बीच नीता देवी बाजार में सामान खरीदने चली गई। इसी दौरान महिला को पता चला कि पर्स गिर गया है। वो पर्स ढूंढते-ढूंढते वापस मेडिकल कॉलेज पहुंची। मुख्य गेट पर तैनात सुरक्षा कर्मी ने नीता देवी को बताया कि पर्स सुरक्षित है। पर्स में 5800 रुपए की नकदी व दस्तावेज के अलावा बाकी सामग्री मिलने से महिला के चेहरे पर सुकून आ गया।
पुलिस आरक्षी हितेंद्र सिंह की मौजूदगी में नीता देवी को पर्स लौटाया गया। नीता ने सुरक्षा कर्मी का आभार प्रकट किया।