नाहन, 16 अप्रैल : हिमाचल प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री (Deputy Chief Minister Mukesh Agnihotri) ने कर्तव्य के प्रति निष्ठा का एक अनुकरणीय उदाहरण पेश किया है। दरअसल, हिमाचल दिवस के कार्यक्रम की अध्यक्षता करने उपमुख्यमंत्री को शुक्रवार रात नाहन पहुंचना था। रात 11:20 बजे के आस-पास उपमुख्यमंत्री सर्किट हाउस (circuit house) पहुंचे।

इस दौरान मौजूद जल शक्ति विभाग व हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम (HRTC) के अधिकारियों ने यह समझ लिया कि रात काफी हो चुकी है। उपमुख्यमंत्री डिनर के बाद आराम करेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री (Deputy Chief Minister Mukesh Agnihotri) ने चंद मिनटों में ही डिनर (Diner) को निपटा लिया। इसके बाद जल शक्ति विभाग (Jal Shakti Department) के अधिकारियों के साथ करीब 11:45 बजे बैठक शुरू की। यकीन मानिए, रात 1:30 बजे तक यह बैठक चली।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने न तो खुद पलक झपकी न ही बैठक में मौजूद अधिकारियों (officials) को ऐसा करने दिया। इसके बाद हिमाचल पथ परिवहन निगम के अधिकारी यह सोच रहे थे कि रात के 1:30 बज चुके हैं, बैठक शनिवार को ही ली जाएगी, लेकिन ऐसा भी नहीं हुआ। उपमुख्यमंत्री ने निगम व परिवहन विभाग के मौजूद अधिकारियों के साथ दूसरी बैठक का दौर शुरू कर दिया। रात 2:30 बजे तक दूसरी बैठक चली। इस दौरान डिप्टी सीएम को ये बात जरूर खली की बैठक में हिस्सा लेने क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी (RTO) नहीं पहुंचे थे।
अब अपने मोबाइल पर सबसे पहले पाएं हिमाचल की ताजा खबरें, यहां क्लिक कर ज्वाइन करें हमारा WhatsApp Group
सूत्रों का कहना है कि जल शक्ति विभाग की बैठक में चारों मंडलों के अधिशासी अभियंताओं (executive engineers) के अलावा अधीक्षण अभियंता भी मौजूद थे। इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने जल शक्ति विभाग का मंत्री होने की हैसियत से सिरमौर की गतिविधियों का फीडबैक (feedback) लिया। इसके बाद निगम के क्षेत्रीय प्रबंधक (Regional Manager)से बसों की कमी को लेकर जानकारी हासिल की। इसके अलावा नाहन डिपो के लांग रुट्स चलाने के लिए प्रेरित किया।

कुल मिलाकर उपमुख्यमंत्री सुबह करीब 3:00 बजे सोए। रोचक ये भी है कि नाहन व रेणुका जी के विधायक अजय सोलंकी व विनय कुमार भी रात अढाई बजे तक जाग रहे थे। बता दें कि नाहन पहुंचने से पहले उपमुख्यमंत्री ने ऊना से सड़क मार्ग से सफर भी तय किया था। लंबे सफर के बाद उपमुख़्यमंत्री की स्फूर्ति हैरान करने वाली थी। हिमाचल दिवस (Himachal Day) के कार्यक्रम की अध्यक्षता के बाद शनिवार को भी शहर के निर्माणाधीन ऑडिटोरियम के अलावा लाल कोठी का भी जायजा लिया।
सूत्रों का कहना है कि पहले उपमुख्यमंत्री को सीधे शिमला लौटना था, लेकिन अंतिम समय पर कार्यक्रम में बदलाव हुआ। नाहन से उपमुख्यमंत्री चंडीगढ़ रवाना हुए। बता दें कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी एक मेहनतकश मुख्यमंत्री के तौर पर पहचान बनाई है।