ऊना, 15 अप्रैल : जिला मुख्यालय के बॉयज स्कूल मैदान में शनिवार को हिमाचल दिवस के उपलक्ष में जिला स्तरीय समारोह का आयोजन किया गया। इस मौके पर प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन सिंह चौहान ने बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करते हुए ध्वजारोहण किया। इस मौके पर उद्योग मंत्री ने परेड की सलामी लेने के साथ-साथ मार्च पास्ट का निरीक्षण भी किया।

हिमाचल दिवस समारोह के दौरान विभिन्न स्कूली छात्र छात्राओं के साथ-साथ आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और ग्रामीण क्षेत्रों के युवा और महिला मंडलों ने भी मोह के सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर खूब समां बांधा। कार्यक्रम के दौरान उद्योग मंत्री ने हिमाचल प्रदेश के गठन से लेकर प्रदेश के अब तक के विकास के लिए प्रदेश निर्माताओं और अन्य सभी लोगों के योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार प्रदेश के विकास को लेकर कृत संकल्प है। हिमाचल प्रदेश के समग्र विकास को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अगुवाई में अमलीजामा पहनाया जाएगा।
उद्योग मंत्री ने कहा कि 15 अप्रैल 1948 को 30 रियासतों के विलय से हिमाचल प्रदेश का गठन हुआ था। जबकि उस वक्त इसे केंद्र शासित राज्य का दर्जा दिया गया। लेकिन कालांतर में विभिन्न प्रबुद्ध लोगों ने हिमाचल प्रदेश के गठन से लेकर पूर्ण राज्यत्व और विकास में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के निर्माता वाईएस परमार और उनके बाद आए तमाम मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने स्तर पर हिमाचल प्रदेश को आगे बढ़ाया।
वहीं, वर्तमान सुखविंदर सिंह सुक्खू सरकार भी हिमाचल प्रदेश के विकास को लेकर कृत संकल्प है। प्रदेश में सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति के अंतिम पात्र तक पहुंचाने के साथ-साथ विकास योजनाओं को सिरे चढ़ाने में कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उद्योग मंत्री कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता ने जिस विश्वास के साथ कांग्रेस को प्रदेश की बागडोर सौंपी है, कांग्रेस हर कीमत पर उस विश्वास पर खरा उतरेगी।