2.31 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन जल्द : मुकेश अग्निहोत्री
नाहन, 15 अप्रैल : उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने नाहन के ऐतिहासिक चौगान मैदान में जिला स्तरीय हिमाचल दिवस समारोह के अवसर पर ध्वजारोहण के उपरांत जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारी सरकार, वायदे को पूरा करते हुए 2.31 लाख महिलाओं को प्रतिमाह 1500 रुपये पेंशन प्रदान करेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार पारदर्शिता सुनिश्चित करते हुए भ्रष्टाचार मुक्त एवं जवाबदेह प्रशासन प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल इतिहास में एक बहुत ही महत्वपूर्ण दिन रहा है। इस दिन हिमाचल प्रदेश अस्तित्व में आया था। आज इस पहाड़ी प्रदेश ने अपने सफर के करीब 75 साल पूरे किये हैं। उन्होंने कहा कि 15 अप्रैल 1948 को अपनी स्थापना के उपरांत एक छोटे से प्रदेश हिमाचल ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने में भारत की तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के योगदान को भुलाया नहीं जा सकता। उन्होंने हिमाचल निर्माता डॉ यशवंत सिंह परमार और प्रदेश में 6 बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह का भी स्मरण किया।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदेश के लोगों से किए गए वायदों एवं गारंटियों के लिए हम वचनबद्ध है, जिसे समयबद्ध एवं चरणबद्ध तरीके से पूर्ण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पूर्व की भाजपा सरकार ने प्रदेश पर विरासत में 75 हजार करोड रुपए का कर्जा छोड़कर गई है। वहीं 11 हजार करोड रुपए की देनदारियों कर्मचारियों की भी बाकी है, फिर भी हम प्रदेश में विकास का पहिया नहीं रुकने देंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास एवं कल्याणकारी योजनाएं चलाने के लिए धन की कोई कमी आड़े नहीं आयेगी और प्रदेश सरकार संसाधन पैदा करने के प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने सत्ता ग्रहण करते ही पहली कैबिनेट बैठक में पुरानी पेंशन योजना बहाल की है, जिसका लाभ 1 लाख 36 हजार एनपीएस कर्मचारियों को ताउम्र मिलता रहेगा इसकी तमाम औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं। उन्होंने कहा कि सात हजार विधवाओं एवं एकल नारियों को भी साल के दौरान मकान दिये जाएंगे। प्रदेश सरकार ने राज्य के लगभग 6 हजार अनाथ बच्चों के लिए मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना शुरू की है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को आर्थिक रूप से मजबूत करने के लिए बिजली बनाने के लिए उपयोग होने वाले पानी पर ‘वाटर सेस’ लगाने का निर्णय लिया है जिससे प्रदेश को करोड़ों रुपए सालाना आय होने का अनुमान है।
उन्होंने कहा कि प्राइवेट बस ऑपरेटर को ई-बस तथा प्राइवेट ट्रक ऑपरेटर को ई-ट्रक खरीद के लिए 50 प्रतिशत की दर से अधिकतम 50 लाख रुपये तक का उपदान देने के अलावा तथा प्राइवेट ऑपरेटर को चार्जिंग स्टेशन स्थापित करने के लिए 50 प्रतिशत का उपदान दिया जायेंगा। उप-मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों को चरणबद्ध तरीके से ई-बसों से बदला जायेगा अभी तक हम 150 डीजल बसें, 11 वोल्वो बसें, 35 इलैक्ट्रिक बसें खरीद चुके हैं और 200 इलैक्ट्रिक बसें साल के दौरान खरीदी जांएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से प्रदेश में रोपवे निर्माण भी तेजी से किया जा रहा है।
शिमला, कुल्लू के बिजली महादेव व मंदिरों को रोपवे से जोड़ने की योजनाओं पर काम हो रहा है। मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण के लिए हम वचनबद्ध है इसी दृष्टिकोण से हमने फैसला लिया है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में राजीव गांधी गर्वनमेंट मॉडल डे बोर्डिंग स्कूल खोले जायेंगे, जहां बच्चों के लिए सभी प्रकार की सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि 100 करोड़ रुपये की लागत से मैडिकल कॉलेज नाहन, हमीरपुर व चम्बा के भवनों का कार्य पूरा करके उनका लोकार्पण किया जाएगा तथा इनमें नर्सिंग कॉलेज भी आरम्भ किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सिरमौर जिला में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिये 28 करोड की लागत से ऑडिटोरियम एवं म्यूजियम का निर्माण कार्य प्रगति पर है।
इस अवसर पर रेणुका के विधायक विनय कुमार, नाहन के विधायक अजय सोलंकी, पूर्व विधायक अजय बहादुर, पूर्व विधायक किरनेश जंग, उपायुक्त सिरमौर आरके गौतम, पुलिस अधीक्षक रमण कुमार मीणा, कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता रूपेन्द्र ठाकुर, कांग्रेस प्रदेश सचिव दयाल प्यारी, कांग्रेस जिला अध्यक्ष आनंद परमार, कांग्रेस जिला महासचिव नरेन्द्र तोमर, कांगेस नाहन मंडल अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, रेणुका मंडल अध्यक्ष तपेन्द्र चौहान , नगर पार्षदगण, कांग्रेस पदाधिकारी, पंचायती राज संस्थाओं से जुड़े प्रतिनिधि सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी तथा अन्य गणमान्य लोग भी इस अवसर पर मौजूद रहे।