शिमला/ तंजीन वंगज्ञाल : काजा में आयोजित राज्य स्तरीय हिमाचल दिवस के मौके पर मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने अधिकारियों, कर्मचारियों व पेंशनर्स को तीन प्रतिशत महंगाई भत्ते की किस्त देने का ऐलान किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कर्मचारी व अधिकारी राज्य की सेवा में तत्पर हैं, जबकि पेंशनर्स ने संपूर्ण जीवन काल में प्रदेश सेवा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई भत्ते की किस्त जारी होने से 2 लाख 15 हजार कर्मचारियों को लाभ मिलेगा, जबकि 1 लाख 90 हजार पेंशनर्स लाभान्वित होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई भत्ते की किस्त जारी होने से राज्य सरकार के वित्तीय कोष पर 500 करोड़ रुपए का वित्तीय बोझ पड़ेगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह ने इस मौके पर कहा कि 75 साल में ये पहला मौका है, जब साढ़े 12 हजार फीट की ऊंचाई पर हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि चार साल के भीतर प्रदेश की आर्थिक व्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि 10 साल के भीतर हिमाचल को देश का सबसे अमीर राज्य बना लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने स्पीति घाटी के देशभक्ति के जज्बे को भी नमन किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चीन सीमा पर स्थित घाटी के लोगों का देशभक्ति के प्रति गहरा लगाव है। सीएम ने कहा कि घाटी में हवाई पट्टी के निर्माण का मामला रक्षा मंत्रालय से उठाया जाएगा। इसके अलावा स्टार गेजिंग ऑब्जर्वेटरी को स्थापित करने के लिए भी ठोस कदम उठाए जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि काजा के समीप राजीव गांधी डे बोर्डिंग स्कूल खोलने को लेकर भूमि का चयन कर लिया गया है। सीएम ने कहा कि खाली पहाड़ियों पर ही पौधारोपण किया जाएगा। सीएम ने किसानों के लिए हिम गंगा दूध योजना, मंझले व्यापारियों के लिए कम दर पर ब्याज इत्यादि पर चर्चा की। सीएम ने कहा कि राज्य में निर्मित वाटर परियोजनाआंे पर वाटर सैस लगाने से राज्य को 1500 से 2000 करोड़ की आमदनी की उम्मीद है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि काजा की दूरी को 110 किलोमीटर कम करने के उद्देश्य से सुरंग का निर्माण भी किया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने ट्राइबल क्षेत्र में मनरेगा दिहाड़ी को 266 से 294 रुपए करने का ऐलान किया। इसके अलावा मनरेगा के दिहाड़ीदारों की मजदूरी 212 से बढ़ाकर 240 रुपए की गई है। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने स्टार्टअप में पंजीकृत उद्यमियों को कम दर के ब्याज पर ऋण उपलब्ध करवाने का भी ऐलान किया।
बतौर मुख्यमंत्री पहली बार हिमाचल दिवस के राज्य स्तरीय कार्यक्रम में संबोधन के दौरान सुखविंदर सिंह सुक्खू ने निराश्रित बच्चों, एकल व विधवा महिलाओं व आर्थिक रूप से कमजोर तबकों के लिए शुरू की जा रही योजनाओं पर भी रोशनी डाली।