नाहन, 08 अप्रैल : जिला सिरमौर में कोरोना लगातार अपने पांव पसार रहा है। पिछले महज एक सप्ताह में एक्टिव मामलों का आंकड़ा सौ के पार पहुंच चुका है। कोरोना के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। शनिवार को जिला में कोरोना से दो लोगों ने दम तोड़ दिया। दोनों बुजुर्गों का उपचार नाहन मेडिकल कॉलेज में चल रहा था।
मृतकों की पहचान राजगढ़ निवासी 68 वर्षीय नर सिंह व सैनवाला-मुबारिकपुर गांव से ताल्लुक रखने वाले 81 वर्षीय दाता राम के रूप में हुई है। नर सिंह मेडिकल कॉलेज नाहन के कोविड आइसोलेशन वार्ड में भर्ती था। बुजुर्ग क्षय रोग, हृदय रोग और सांस की बीमारी से पीड़ित था, जिसे गंभीर हालत के चलते राजगढ़ अस्पताल से नाहन मेडिकल कॉलेज में 4 अप्रैल को दाखिल किया गया था। बुजुर्ग ने शनिवार सुबह उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं दाता राम किडनी रोग, सांस व अन्य बीमारियों से ग्रस्त था। बुजुर्ग को निजी अस्पताल से रैफर किया गया था, जहां उसकी कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई। शनिवार दोपहर बाद बुजुर्ग ने मैडीकल कॉलेज में दम तोड़ दिया। व्यक्ति ने वैक्सीन की एक भी डोज नहीं लगवाई थी।
दोनों बुजुर्गों के शवों को मेडिकल कॉलेज से रेडक्रॉस एंबुलेंस के माध्यम से चालक राम सिंह ने अंतिम संस्कार के लिए मोक्षधाम तक पहुंचाया। पूरे कोविड प्रोटोकॉल के तहत दोनों का अंतिम संस्कार किया गया। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ श्याम कौशिक ने दोनों मामलों की पुष्टि की है।