शिमला, 08 अप्रैल : नगर निगम चुनावों के लिए सरगर्मियां तेज हो गई है। कांग्रेस में टिकट के लिए दावेदारी पेश करने का आज आखिरी दिन है। इस बीच टिकट की दावेदारी के लिए सैकड़ों आवेदन भरे गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस नगर निगम चुनावों के लिए पूरी तरह से तैयार है। निगम चुनावों में प्राप्त आवेदनों में सशक्त उम्मीदवारों को ही प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रतिभा सिंह ने बताया कि कांग्रेस से टिकट की दावेदारी पेश करने के लिए प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। अब छंटनी प्रक्रिया में सशक्त उम्मीदवार युवा व महिलाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि नगर निगम चुनाव काफी देरी से हो पाए हैं। इसके पीछे भाजपा की राजनीतिक मंशा रही है। लेकिन अब जब चुनाव हो रहे हैं तो कांग्रेस पूरी तरह से तैयार है।
शिमला शहरी व ग्रामीण शिमला में जिस प्रकार विधानसभा चुनाव में लोगों ने कांग्रेस को समर्थन दिया है। उससे कांग्रेस को उम्मीद है कि नगर निगम चुनावों में भी वे बेहतर प्रदर्शन करेंगे। जनता कांग्रेस को एक बार फिर पूरा समर्थन देगी।