बिलासपुर, 7 अप्रैल : किरतपुर से नेरचौक तक फोरलेन का कार्य युद्ध स्तर पर चल रहा है। इस भव्य फोरलेन का उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी 15 मई को करेंगे।
कुल्लू-मनाली जाने वाले पर्यटक, श्रद्धालु एवं स्थानीय लोगों को फोरलेन के चलते समय की बचत होगी, और जाम से भी छुटकारा मिलेगा। यह बात केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर ने कैंची मोड़ में फोरलेन कार्य का निरीक्षण करने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत करते हुए कही।
अनुराग ठाकुर ने कहा कि 15 मई तक पूरा फोरलेन बनकर तैयार हो जाएगा। इसे जनता को समर्पित किया जायेगा। भानुपल्ली-बिलासपुर रेलवे लाइन के लिए कई गुना ज्यादा बजट की व्यवस्था की गई है। उन्होंने कहा कि भव्य फोरलेन बनने से लगभग 3 घंटे की बचत होगी। भाजपा की केंद्र सरकार के नेतृत्व में हिमाचल लगातार उन्नति के पथ पर अग्रसर है। बड़ी-बड़ी योजनाएं जनता को समर्पित करने के लिए प्रयास जारी है।