ऊना, 29 मार्च : थाना हरोली के तहत बनखंडी में पेश आए सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा घायल हुआ है। मृतक की पहचान नवीन कुमार पुत्र रणजीत निवासी भदसाली के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार नवीन कुमार अपने साथी इकबाल सिंह के साथ बाइक पर सवार बनखंडी जा रहा था। इसी दौरान बंदरों के झुंड को अपनी ओर आता देख बाइक सवार युवक घबरा गए और बाइक अनियंत्रित हो गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों युवकों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना ले जाया गया, जहां पर चिकित्सकों ने नवीन की गंभीर स्थिति को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर कर दिया। पीजीआई पहुंचने से पहले ही नवीन ने दम तोड़ दिया।
मामले की पुष्टि करते हुए एसपी अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।