शिमला, 26 मार्च : हिमाचल के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू रविवार को 59वें जन्मदिन पर 59 किलो का केक काटने के बाद टहलने के लिए शिमला के माल पर निकल गए। इसी दौरान मंत्रियों व अधिकारियों के काफिले के बीच मुख्यमंत्री रिज पर पहुंच गए। इसी बीच इत्तफाकन ही मुख्यमंत्री की मुलाकात राज्य के क्यूट बालक व केबीसी फेम (KBC Fame) अरुणोदय शर्मा (Arunodaya Sharma) से हो गई।

कुशाग्र बुद्धि के अरुणोदय शर्मा को बखूबी इस बात का इल्म था कि मुख्यमंत्री का आज जन्मदिन है। शेक हैंड करते ही अरुणोदय ने जैसे ही मुख्यमंत्री को जन्मदिन की बधाई दी तो मुख्यमंत्री भी अवाक रह गए। इसके बाद चंद मिनट मुख्यमंत्री ने अरुणोदय शर्मा से बात की। सीएम ने दुलार देते हुए पूछा…और कब मिलोगे। वाकपटुता में माहिर अरुणोदय शर्मा तपाक से बोले…‘जब आप बोलो’। इस पर मुख्यमंत्री सहित तमाम लोगों के ठहाके गूंज उठे।
गौरतलब है कि हाल ही में मुख्यमंत्री के आवास के दौरान सीएम सुक्खू की सादगी उस समय भी चर्चा में आई थी, जब वो एक वर्षाशालिका में ही महिलाओं के प्रतिनिधिमंडल को माॅर्निंग वाॅक के दौरान मिलने बैठ गए थे।
केबीसी के मंच पर बिग बी अमिताभ बच्चन की बोलती बंद करने वाले अरुणोदय शर्मा समूचे देश में लाखों के दुलारे हैं। फैन फॉलोइंग तो अब देश की सीमा पार कर विदेशों तक पहुंच चुकी है।