नाहन, 14 मार्च : मंगलवार को मारकंडा नदी में करीब आधा फुट पानी में पांव फिसलने से गिरी महिला की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। पुलिस की जांच में सामने आया है कि महिला मारकंडा के बीचो बीच पत्थरों पर नदी को पार कर रही थी। इसी दौरान पांव फिसलने से करीब आधा फुट पानी में गिर गई।

सूचना मिलते ही 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। ईएमटी तनु ने सीपीआर के माध्यम से महिला की सांसों को चलाने की भरसक कोशिश की। सफलता न मिलने पर तुरंत ही 108 में महिला को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने महिला को मृत घोषित कर दिया। बता दें 108 कर्मियों की मदद से स्थानीय ग्रामीणों ने महिला को नदी से बाहर निकाला।
जानकारी मिलते ही कालाअंब पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। शुरुआती जांच में पता चला है कि महिला पानी में गिरने के बाद उठ नहीं पाई। ये भी सामने आया है कि 48 वर्षीय महिला सुषमा पत्नी इन्द्र सिंह की मानसिक स्थिति भी ठीक नहीं थी। इसको लेकर महिला का हरियाणा के नारायणगढ़ में भी उपचार चल रहा था। ऐसा भी बताया जा रहा है कि महिला को गिरते हुए बच्चों ने देखा था। इसको लेकर पुलिस ने बयान कलमबद्ध किए हैं।
मोगीनंद की रहने वाली मृतक महिला के शव का पोस्टमार्टम बुधवार को किया जाएगा। पुलिस को फिलहाल इस मामले में कोई भी फाउल प्ले नहीं मिला हैै।