नाहन, 13 मार्च : ये किस्सा, रविवार का है। भाजपा ने ‘‘जन आक्रोश रैली’’ का आह्वान किया हुआ था। इसी बीच हिमाचल महिला कांग्रेस (Himachal Mahila Congress) ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद सुरेश कश्यप (MP Suresh Kashyap) के यशवंत विहार कालोनी स्थित आवास के बाहर प्रदर्शन व घेराव का भी निर्णय लिया था। एक तरफ शहर में भाजपा सुक्खू सरकार के खिलाफ रैली निकाल रही थी तो दूसरी तरफ कांग्रेस की महिलाओं ने सांसद के घर पर हल्ला बोल किया था।

इस बीच माहौल उस समय दिलचस्प हो गया, जब भाजपा प्रदेश अध्यक्ष व सांसद की पत्नी रजनी कश्यप ने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी कर रही महिलाओं को चाय व पानी की पेशकश की। नारेबाजी के बीच ही सांसद के घर से पानी से भरे गिलास कांग्रेसी महिलाओं को ऑफर किए गए। हालांकि, एक भी कांग्रेस महिला कार्यकर्ता ने पानी नहीं पिया।
ये अलग बात थी कि इस तरीके के शिष्टाचार की उम्मीद प्रदर्शनकारी महिलाएं नहीं कर रही थी। लिहाजा, सुगबुगाहट लाजमी थी। महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष जैनब चंदेल ने सांसद की पत्नी की मौजूदगी में ही अपने संबोधन में कहा कि केंद्र की तानाशाही सरकार कांग्रेस की बात को सामने नहीं आने देती है।
कुल मिलाकर महिला कांग्रेस का ये प्रदर्शन खासी चर्चा में है। इस दौरान महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कंवर कविता सिंह, प्रदेश सचिव राजेश्वरी शर्मा, प्रेस सचिव काजल शर्मा, जिलाध्यक्ष उपमा धीमान व आराधना राणा इत्यादि मौजूद थी।