नाहन,12 मार्च : प्रदेश में सरकारी संस्थाओं को डिनोटिफाई करने के विरोध में भाजपा ने मुख्यालय नाहन में रविवार को जन आक्रोश रैली निकाली। इस रैली में विशेष तौर केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर को पहुंचना था, लेकिन अंतिम समय पर कार्यक्रम रद्द हो गया। पिछले कई दिनों से सिरमौर भाजपा केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर के नाहन प्रवास का जोर-शोर से प्रचार कर रही थी। रविवार को कार्यकर्ताओं को उस समय निराशा हाथ लगी, जब उन्हें पता चला कि अनुराग ठाकुर नहीं आ रहे हैं।

जिला स्तरीय जन आक्रोश रैली को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल समेत अन्य नेताओं ने संबोधित किया। सर्किट हाउस से शुरू हुई रैली माल रोड़ व दिल्ली गेट होते हुए बड़ा चौक में समाप्त हुई। यहां रैली को संबोधित करते हुए सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार बदले की भावना से पूर्व भाजपा सरकार के खोले संस्थानों को बंद कर रही है।
सिरमौर में भी 69 कार्यालय बंद किए गए हैं। सरकार ने सामान्य वर्ग के छात्रों की स्कूली वर्दी बंद कर दी है। जिन गारंटियों का सहारा लेकर कांग्रेस सत्ता में आई, उनमें से आज तक एक भी गारंटी को सरकार पूरी नहीं कर सकी है। उन्होंने कहा कि एक तरफ कांग्रेस के नेता राहुल गांधी प्रदेश में यात्रा निकालकर महंगाई के मुद्दे को उठा रहे थे, वहीं प्रदेश में सत्ता में आते ही इनकी सरकार ने महंगाई को बढ़ाने का काम किया।
पूर्व विधायक डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि जनता का विश्वास चंद माह में कांग्रेस सरकार से उठ चुका है। सरकार एक भी गारंटी पूरी नहीं कर पाई है। व्यवस्था परिवर्तन का नारा देने वाली कांग्रेस सरकार ने अतिरिक्त खर्चों का बोझ डालते हुए सीपीएस की नियुक्तियां की हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने डिनोटिफाई किए गए संस्थानों के खिलाफ पंचायत स्तर पर हस्ताक्षर अभियान जोर पकड़ चूका है। यदि प्रदेश कांग्रेस सरकार ने इन कार्यालय को जल्द नहीं खोला, तो सरकार के खिलाफ भाजपा अदालत का दरवाजा खटखटाएगी।
उधर, सांसद एवं भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सुरेश कश्यप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि सरकार ने सत्ता संभालते ही डीजल पर वैट लगाकर तेल महंगा कर दिया। सरकार ने लोगों को 10 गारंटियां देकर ठगने का काम किया है। महिलाओं को 1500 रुपये का प्रलोभन दिया गया। गोबर व दूध खरीदने, 300 यूनिट बिजली देने जैसे वादे सरकार पूरे नहीं कर सकी है। इस मौके पर पांवटा के विधायक एवं पूर्व ऊर्जा मंत्री सुखराम चौधरी, विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर,पार्टी जिला अध्यक्ष विनय गुप्ता समेत कई भाजपा नेता मौजूद रहे।