शिमला, 12 मार्च : हिमाचल विधानसभा चुनाव में मात खाने के बाद भाजपा ने अप्रैल माह में संभावित शिमला नगर निगम चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। सिरमौर जिला से ताल्लुक रखने वाले पूर्व मंत्री व पार्टी के वरिष्ठ नेता सुखराम चौधरी को नगर निगम चुनाव में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। भाजपा ने नगर निगम चुनाव में परचम फहराने के लिए सुखराम चौधरी को प्रभारी नियुक्त किया है।
सुखराम चौधरी पांवटा साहिब से मौजूदा विधायक हैं। बीते साल हुए विस चुनाव में सुखराम ने सत्ता विरोधी लहर के बावजूद भारी मतों से जीत दर्ज कर अपनी काबलियत का लोहा मनवाया है। पूर्व जयराम सरकार में उन्होंने विद्युत मंत्री का जिम्मा संभाला था। भाजपा अब चुनाव प्रबंधन में उनकी कुशलता आजमाएगी। प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने नगर निगम शिमला चुनाव के लिए चुनाव प्रबंधन समिति का गठन किया है। इसमें सुखराम चौधरी को निगम चुनाव का प्रभारी बनाया गया है।
चुनाव प्रबंधन समिति कुल 19 सदस्यों की है। इसमें प्रभारी सुखराम चौधरी के साथ सदस्य के रूप में पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज, विधायक बलबीर वर्मा, शिमला संसदीय क्षेत्र प्रभारी पुरुषोत्तम गुलेरिया, सह प्रभारी शिशु भाई धर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष संजीव कटवाल, जिला शिमला की प्रभारी डेजी ठाकुर, प्रदेश कोषाध्यक्ष संजय सूद, पूर्व शिमला जिला अध्यक्ष रवि मेहता, जुब्बल कोटखाई से चेतन ब्रागटा, कसुंपटी से विजय ज्योति सेन, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी करण नंदा, पूर्व जिला अध्यक्ष अजय श्याम, जिला अध्यक्ष शिमला विजय परमार, जिला अध्यक्ष महासू अरुण फालटा, मंडल अध्यक्ष शिमला शहरी राजेश शारदा, मंडल अध्यक्ष कसुंपटी जितेंद्र भोटका, मंडल अध्यक्ष शिमला ग्रामीण दिनेश ठाकुर कार्य करेंगे।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने कहा कि नगर निगम चुनाव प्रबंधन समिति के सभी सदस्य निगम चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।