बिलासपुर, 12 मार्च : कांग्रेस के पूर्व विधायक बंबर ठाकुर ने जिला में पत्रकार वार्ता में पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर को नसीहत देते हुए कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर अब विपक्ष में बैठने की आदत बनाएं। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री ने पूरे प्रदेश का धन ऐशो-आराम पर उड़ाया। पूर्व सीएम पिछले 5 साल हवा में घूमते रहे हेलीकॉप्टर से नीचे नहीं उतरे, जबकि प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू दफ्तर भी पैदल जा रहे हैं।

बंबर ठाकुर ने कहा कि अभी सरकार को बने सिर्फ 2 महीने का समय हुआ है और सरकार ने काफी अहम फैसले लिए है। व्यवस्था परिवर्तन चला हुआ है और कांग्रेस सरकार जनहित में फैसले ले रही है, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री आधारहीन बयानबाजी करके लोगों को गुमराह कर रहे हैं।
ठाकुर ने कहा कि प्रदेश की जनता ने उन्हें विपक्ष में बिठाया है तो विपक्ष में बैठकर जनहित के कार्यों में सहयोग करें। जो भूमिका उन्हें दी गई है उसका पालन करें। प्रदेश सरकार कांग्रेस की है और मुख्यमंत्री स्वयं फैसले लेने में सक्षम है। बंबर ठाकुर ने कहा कि भाजपा के विधायक त्रिलोक जमवाल भी आए दिन आधारहीन बयानबाजी करते रहते हैं। उन्होंने कहा कि उनके पास इतनी संपत्ति कहां से आई इसकी भी जांच होनी चाहिए।