सोलन, 11 मार्च : जिला के मैदानी क्षेत्र नालागढ़ के चंगर क्षेत्र में बारिश गेहूं की फसल पर आफत बनकर टूट रही है। बीते दिन हुई बारिश के नुकसान की तस्वीरें सामने आई हैं। क्षेत्र में हुई बारिश और तेज हवाओं ने फसलों को चौपट कर दिया है। मौसम की मार ने किसानों की साल भर की मेहनत पर पानी फेर दिया है। अन्नदाता पर कुदरत की मार से किसानों को भारी नुकसान पहुंचा है। तैयार हुई फसल को बर्बाद देखकर किसानों ने सिर पकड़ लिया है।

उधर, किसानों ने आरोप लगाया है कि सरकार ने पूर्व में हुई फसलों में क्षति की बीमा राशि आज तक नहीं दी, और अब फिर से नुकसान हुआ है। कहा कि सरकार जल्द से जल्द मुआवजा जारी करे। भारतीय किसान यूनियन के अध्यक्ष सूरमुख सिंह का कहना है कि बारिश से भारी नुकसान पहुंचा है। उन्होंने सरकार से गुहार लगाते हुए मुआवजे की मांग उठाई है।
नालागढ़ के कई ग्रामीण क्षेत्र में हुई बारिश व तेज हवाओं के फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिसमें पंजैहरा, सौडी गुलाबपुरा, अंदरोला, पल्ली समेत कई एरिया में फसल बर्बाद हुई है।