नाहन, 11 मार्च : सिरमौर रियासत के अंतिम शासक महाराज राजेंद्र प्रकाश के दत्तक पुत्र दिवंगत महाराज उदय प्रकाश की पुण्य स्मृति में रविवार दोपहर 12:00 बजे शाही महल में भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। बता दें कि महाराज उदय प्रकाश का 22 फरवरी को देहरादून स्थित सिरमौर हाउस में दुखद निधन हो गया था।

पारिवारिक जानकारी के मुताबिक अंतिम संस्कार की कड़ी में शाही महल में दोपहर 12 बजे से प्रभु इच्छा तक भंडारे का आयोजन किया जा रहा है। हालांकि महाराज उदय प्रकाश का उपचार चल रहा था, लेकिन 22 फरवरी की सुबह अचानक ही तबीयत बिगड़ने से निधन हो गया। हरिद्वार में गंगा तट पर महाराज उदय प्रकाश का अंतिम संस्कार किया गया था।
खास बात यह है कि बेटियों द्वारा पिता को मुखाग्नि दी गई थी। राजघराने की परंपरा के मुताबिक बेटा ना होने पर राजपुरोहित द्वारा मुखाग्नि देने की प्रथा रही है, लेकिन बेटियों ने पिता को मुखाग्नि देकर मिसाल कायम की थी।