सोलन, 09 मार्च : हिमाचल प्रदेश के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र बद्दी बरोटीवाला में टोल टैक्स की कमाई में उछाल आया है। बद्दी बरोटीवाला टोल यूनिट 21 करोड़ 72 लाख 9 रुपए में केके एसोसिएट के पक्ष में नीलाम हुई है। ढेरोवाल टोल इकाई 12 करोड़ 72 लाख रुपए में जितेंद्र एसोसिएट परवाणु के पक्ष में आबंटित की गई।
परवाणु यूनिट में भी जबरदस्त उछाल आया है। 42.76 प्रतिशत उछाल के साथ ये इकाई 20 करोड़ में नीलाम हुई। बद्दी-बरोटीवाला इकाई से विभाग को 2022-23 में 16 करोड़ 41 लाख 71 हजार का राजस्व प्राप्त हुआ था। इस बार 18 करोड़ 5 लाख 88 हजार 100 रुपए आरक्षित मूल्य निर्धारित हुआ था। ढेरोवाल का आरक्षित मूल्य 11 करोड़ 1 लाख 87 हजार रुपए तय किया गया था।

वित्तीय वर्ष 2022-23 की तुलना में बद्दी-बरोटीवाला यूनिट ने 32 प्रतिशत की वृद्धि का उछाल हासिल किया है, जबकि ढेरोवाल यूनिट में 27 प्रतिशत राजस्व की बढ़ोतरी हुई है।
वीरवार को टोल इकाइयों की नीलामी प्रक्रिया सोलन के जिला परिषद भवन में रखी गई थी। पीठासीन अधिकारी के तौर पर उपायुक्त कृतिका कुल्हरी मौजूद थी। इसके अलावा आबकारी व कराधान विभाग के अतिरिक्त आयुक्त पंकज शर्मा, उप आयुक्त विनय चौधरी व प्रीतपाल सिंह मौजूद रहे।
कुल मिलाकर सोलन के परवाणु, बद्दी, ढेरोवाल की टोल इकाईयों में 2022-23 की तुलना में 2023-24 में 14 करोड़ 98 लाख 9 रुपए का उछाल है। 2022-23 में ये इकाईयां 40 करोड़ 84 लाख 41 हजार में नीलाम हुई थी। इस बार नीलामी का आंकड़ा 54 करोड़ 98 लाख 9 हजार पहुंच गया है। तीनों यूनिटस में करीब 34 प्रतिशत की राजस्व बढ़ोतरी दर्ज हुई है।
उधर, शिमला के कुड्डू यूनिट में भी 35 प्रतिशत बढ़ोतरी की जानकारी है। 40 लाख की तुलना में इस बार 54 लाख में यूनिट बिकी है। बीबीएन के उप आयुक्त प्रीतपाल सिंह ने कहा कि ढेरोवाल में 27 प्रतिशत व बद्दी में 32 प्रतिशत इजाफा हुआ है।