शिमला, 08 मार्च: मंगलवार को प्रदेश के सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू को कांग्रेस हाईकमान ने दिल्ली तलब कर मंत्रीमंडल विस्तार के लिए हरी झंडी दे दी है। साथ ही कुछ मंत्रियों के विभागों में फेरबदल करने का फरमान भी जारी किया है। प्रदेश के डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री को संगठन को मजबूत करने के लिए पार्टी अध्यक्ष बनाने का निर्णय हुआ हैै।
वहीं हर्षवर्धन चौहान को नया डिप्टी सीएम बनाया गया है। वह अब उद्योग और आयुष मंत्रालय के साथ-साथ आबकारी एवं कराधान विभाग की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।

सूबे के मुख्यमंत्री फैसलों की गोपनीयता को लेकर भी पहचान बना चुके हैं, यही कारण था कि मंत्रिमंडल में फेरबदल की भनक कानों कान नहीं लगने दी।
मंत्रिमंडल में बचे तीन स्थानों के लिए काफी माथापच्ची के बाद नए नाम तय कर लिए गए हैं। वहीं, वर्तमान में मंत्रियों के विभागों को बदले जाने की प्रक्रिया भी लगभग फाइनल कर दी गई है। होली की पूर्व संध्या पर सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार नए बनाए जाने वाले मंत्रियों में कांगड़ा के सुजानपुर से विधायक राजेंद्र राणा, घुमारवीं से विधायक राजेश धर्मांणी व मंडी के धर्मपुर से विधायक चंद्रशेखर को नए मंत्रीपदों पर ताजपोशी के लिए लगभग प्रक्रिया फाइनल हो गई है।
कांगड़ा जिला के विधायक यादवेंद्र गोमा को योजना बोर्ड का उपाध्यक्ष बनाए जाने पर सहमति हुई है। मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद सबसे आश्चर्यजनक परिवर्तन कर्नल धनीराम शांडिल के विभाग में किया गया है। उनसे स्वास्थ्य मंत्रालय ले लिया गया है। शांडिल को एक नाटकीय घटनाक्रम में युवा सेवाएं एवं खेल मंत्रालय दिया गया है।
खबर से जुड़ी सरकार की नोटिफिकेशन के लिए यहां क्लिक करें
आलाकमान ने शांडिल की 88 वर्ष की उम्र में भी सक्रियता को देखते हुए उन्हें युवा सेवाएं एवं खेल विभाग देने का निर्णय लिया है। वहीं स्वास्थ्य विभाग अब विक्रमादित्य सिंह देखेंगे। विक्रमादित्य सिंह से लोक निर्माण विभाग लेकर नए बनाए जाने वाले विधायक राजेश धर्माणी को दिए जाने का निर्णय लिया गया है।
धर्मपुर के विधायक चंद्रशेखर को शिक्षा मंत्रालय दिया गया है। वहीं, रोहित ठाकुर अब नए ऊर्जा मंत्री होंगे। राजेंद्र राणा नए वन मंत्री होंगे। चंद्र कुमार को पिछला अनुभव देखते हुए जल शक्ति मंत्री बनाया गया है। वहीं, ट्रांसपोर्ट महकमा अब अनिरुद्ध सिंह देखेंगे।
खबर से जुड़ी सरकार की नोटिफिकेशन के लिए यहां क्लिक करें
कृषि व पशुपालन विभाग का जिम्मा मुख्यमंत्री खुद संभालेंगे। बताया जाता है कि चंद्र कुमार हैवीवेट मंत्रालय चाह रहे थे, जिसके चलते ये निर्णय लिया गया है। चेयरमैन बनने वालों में जहां यादवेंद्र गोमा को योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष जैसा महत्वपूर्ण विभाग देकर खुश करने का प्रयास किया गया है, वहीं मुख्यमंत्री के पुराने साथी नाहन के विधायक अजय सोलंकी खाद्य आपूर्ति एवं उपभोक्ता निगम के उपाध्यक्ष होंगे।
इसके साथ ही कुछ प्रशासनिक अधिकारियों को भी बदले जाने की चर्चा है। पता चला है कि मार्च माह के बाद ओंकार शर्मा को प्रबोध सक्सेना के स्थान पर नया चीफ सेक्रेटरी बनाया जा सकता है। वहीं, डीजीपी संजय कुंडू को बदले जाने की भी चर्चा है। फिलहाल सरकार नए डीजीपी की तलाश में जुट गई है। लगभग आधा दर्जन जिलों के एसपी व डीसी भी बदले जा सकते हैं।
खबर से जुड़ी सरकार की नोटिफिकेशन के लिए यहां क्लिक करें
.
.
.
.
.
.
बुरा ना मानों होली है।
समाचार को होली के मौके पर हास्य व्यंग्य के तौर पर प्रकाशित किया जा रहा है। एमबीएम न्यूज नेटवर्क का मकसद कतई भी पाठकों को गुमराह करने का नहीं है।
हंसते रहें-मुस्कुराते रहें।
सभी प्रदेशवासियों को होली की हार्दिक शुभकामनाएं।