नाहन, 3 मार्च : राजगढ़ उपमंडल के पझौता क्षेत्र में पहाड़ी से गिरने से 49 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई है। मृतक की पहचान (49) सुखदेव पुत्र चतर सिंह निवासी धारपबेच पोस्ट ऑफिस लेउनाना तहसील राजगढ़ जिला सिरमौर के रूप में हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मृतक के बेटे प्रदीप ने बताया कि उसके पिता अपने साले नरेश कुमार, अनिल व मनमोहन के साथ गवाड नामक स्थान से पानी जोड़ने गए थे। पानी जोड़ने के बाद नरेश कुमार, अनिल व मनमोहन अपने गांव ठारु के लिए चले गए। इसके पिता अपने गांव पबेच की ओर चलने लगे। इसी बीच जब वह डकराल धार पहुंचा, तो अचानक पांव फिसलने से वह करीब 300 फीट ढांक में जा गिरा।
वहीं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सोम दत्त ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम सिविल अस्पताल राजगढ़ में करवाने के बाद शव को परिजनों को अंतिम संस्कार के लिए सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।