नाहन, 01 मार्च: राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2023 के अवसर पर शिमला में विज्ञान माॅडल प्रदर्शनी का आयोजन 28 फरवरी को किया गया। इस दौरान शहर के आदर्श विद्या निकेतन स्कूल ने भी प्रदर्शनी में भागीदारी दिखाई। स्कूल के होनहार छात्रों ने माॅल रोड स्थित गेयटी थियेटर में विज्ञान दिवस पर अपने माॅडल का प्रदर्शन किया।

स्कूल के प्रिंसिपल केके चंदोला ने बताया कि शिक्षा के क्षेत्र में स्कूल बेहतरीन प्रदर्शन कर रहा है। शिक्षा के साथ स्कूल अन्य गतिविधियों में भी हमेशा अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करता है। इसी के तहत शिमला में आयोजित राष्ट्रीय विज्ञान दिवस की प्रदर्शनी में भी छात्रों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने बताया कि प्रदर्शनी का आयोजन हिमकोस्ट शिमला द्वारा किया गया था।
इस दौरान प्रदेश के 10 माॅडल्स को प्रदर्शनी के लिए चुना गया। सिरमौर से एकमात्र एवीएन स्कूल को इस राज्य स्तरीय प्रदर्शनी में प्रतिनिधित्व का मौका मिला। प्रदर्शनी में स्कूल की शिक्षिका प्रियंका की देखरेख में गौरेश व आयुष ने भाग लिया।