सोलन, 28 फरवरी : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद सुरेश कश्यप ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने हिमाचल प्रदेश की महिलाओं के साथ बड़ा धोखा किया है। विधानसभा चुनाव जब चल रहा था, तब कांग्रेस के नेताओं ने महिलाओं से एक नीले रंग का फॉर्म भरवाया था। फॉर्म भरने के बाद वादा किया गया था कि जल्द ही महिलाओं के खाते में 1500 रु प्रति माह मिलने शुरू हो जाएंगे। चुनावों के समय कांग्रेस के नेताओं और पार्टी के मंडल यूनिट ने फॉर्म भरने वाली महिलाओं के खाते में स्वयं 1500 रू डाल दिए थे।

कश्यप ने कहा, सरकार बने अभी 3 महीने हो चुके हैं पर महिलाएं अभी भी इंतजार कर रही है कि कब 1500 रुपए प्रति माह उनको मिलने शुरू होंगे। सरकार ने मंत्री धनीराम शांडिल द्वारा एक बयान भी जारी करवाया कि अब ग्रामसभा तय करेगी कि 1500 रुपए हिमाचल प्रदेश की किस महिलाओं को मिलेंगे। सभी महिलाओं को 1500 देने का वादा कर डाला,पर जब वादा पूरा करने की बात आ रही है तो घर में कांग्रेस सरकार ने दरार पैदा करनी शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत चयन करेगी कि घर की किस महिला को 1500 रु मिलेंगे, तो क्या इससे एक घर में दरार पैदा नहीं होगी।
उन्होंने कहा कि केवल मात्र कांग्रेस पार्टी जनता के साथ झूठ बोल के सत्ता में आई है। बड़ी जल्दी ही झूठ की पोल जनता के बीच में खुलनी शुरू हो गई है। सरकार ने हर वर्ग के साथ धोखा किया है और किसी भी प्रकार की गारंटी पूरी होती नहीं दिखाई दे रही है। हिमाचल प्रदेश में पिछले चुनावों के मुकाबले 4% अतिरिक्त मतदान महिलाओं ने किया है। पर इन महिलाओं के साथ तो कांग्रेस पार्टी में धोखा ही कर डाला है।