शिमला, 28 फरवरी : जिस सरकारी स्कूल में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने 10वीं तक पढ़ाई की आज उसी स्कूल में सीएम बनकर बतौर मुख्य अतिथि पहुंचे। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू सोमवार को वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्कूल छोटा शिमला के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में शिरकत की। यहां पर उनका भव्य स्वागत किया गया। साथ ही उनके साथ पढ़े दोस्तों को भी मुख्यमंत्री ने स्कूल में सम्मानित किया।

CM सुक्खू ने स्कूल टाइम के दिनों को याद किया। इस मौके पर उनके शिक्षक भी उनसे मिले। उनको भी सीएम ने सम्मानित किया। स्कूली बच्चों ने इस अवसर पर रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए। वहीं मुख्यमंत्री भी इस दौरान बच्चों के साथ पहाड़ी नाती डालते नजर आए। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि एक सरकारी स्कूल से पढ़ा हुआ व्यक्ति भी मुख्यमंत्री बन सकता है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए वह बच्चों के मनोबल को बढ़ाने के लिए स्कूल में पहुंचे हैं।
सरकारी स्कूलों में पढ़े-लिखे शिक्षक होते हैं, वही अच्छी पढ़ाई होती है। देखा-देखी में लोग आज निजी स्कूलों का रुख कर रहे हैं। हिमाचल में सरकार डे बोर्डिंग स्कूल भी शुरू करने जा रही है, ताकि सरकारी स्कूलों के प्रति लोगों का झुकाव हो सके। बच्चे अपने आप को किसी से भी कम न समझे। इस मौके पर मुख्यमंत्री के साथ शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ,शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।