संगड़ाह, 26 फरवरी : हिमाचल की कांग्रेस सरकार द्वारा क्षेत्र में दर्जनों भर से अधिक सरकारी संस्थान व कार्यालय बंद किए जाने के खिलाफ भाजपा रेणुकाजी मंडल इकाई द्वारा ददाहू में सांकेतिक प्रदर्शन किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री व प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी भी की गई। भाजपा विधानसभा प्रत्याशी रहे नारायण सिंह की अध्यक्षता में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत की गई।

नारायण सिंह व अन्य वक्ताओं ने संगडाह में विद्युत विभाग का मंडलीय कार्यालय, ददाहू में खंड विकास अधिकारी कार्यालय, आयुर्वेदिक चिकित्सालय बिरला, हरिपुरधार में विद्युत उपमंडल व हॉस्पिटल, संगडाह में विद्युत सहायक अभियंता कार्यालय, पटवार सर्कल छछेती व सैल तथा पीएचसी जरग आदि संस्थानों को बंद करना सुक्खू सरकार का जनविरोधी कदम करार दिया। नारायण सिंह ने स्थानीय कांग्रेस विधायक पर भी बदले की भावना से काम करने व कर्मचारियों के तबादलों से प्रताड़ित करने के आरोप भी लगाए।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं के अलावा युवक मंडल व महिला मंडल पदाधिकारी व पंचायत प्रतिनिधियों सहित काफी लोग मौजूद रहे। वक्ताओं ने सरकार की इस बदले की भावना वाली राजनीति का जमकर नारों के साथ विरोध किया। सरकार को मांगे न मानने की सूरत पर सड़कों पर उतरने की भी चेतावनी दी।
भाजपा जिला महामंत्री राजेंद्र ठाकुर, बीडीसी अध्यक्ष नाहन अनिता शर्मा, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य प्रताप तोमर, अरुण गर्ग, निर्मला भारद्वाज व अमर सिंह आदि ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस सरकार द्वारा एक तरफ जहां अभी तक एक भी चुनावी गारंटी पूरी नहीं की गई। वहीं संस्थान बंद कर व डीजल की कीमत बढ़ाकर जनता की परेशानी जरूर बढ़ाई गई। इससे पूर्व गत 22 दिसंबर को भाजपा मंडल इकाई संस्थान बंद करने के मुद्दे पर मिनी सचिवालय संगड़ाह के बाहर भी प्रदर्शन कर चुकी हैं।