नाहन, 25 फरवरी: हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के कर्मचारियों व अधिकारियों की चुनावी सियासत के रंग में शहर डूबा हुआ नजर आया। अध्यक्ष पद पर शिमला के गिरीश मेहता विजयी घोषित किए गए। मेहता ने निकटतम प्रत्याशी भेग सिंह ठाकुर के 241 मतों की तुलना में 526 वोट हासिल कर एकतरफा जीत हासिल की।
त्रिकोणीय मुकाबले में अनिल चौहान को 205 मतों पर संतोष करना पड़ा। चार मत अवैध घोषित हुए। डीएम कार्यालय में आयोजित चुनाव में महासचिव पद के लिए मुकेश आजाद ने एकतरफा मुकाबला जीता। आजाद के 503 मतों के मुकाबले निकटतम प्रत्याशी धीरज कुमार को 254 वोट प्राप्त हुए। वरुण भारद्वाज व अनूप कुमार को क्रमशः 201 व 8 वोट हासिल हुए। 10 मतों को अवैध घोषित किया गया।

शनिवार को चुनाव पीठासीन अधिकारी अवतार सिंह की देखरेख में आयोजित हुए। अध्यक्ष व महासचिव पद के लिए खूब सियासत चल रही थी। मतदान केंद्र पर मैदान में उतरे प्रत्याशियों की होर्डिंग लगाई गई थी। चूंकि प्रदेश भर से कर्मचारियों को चुनाव के सिलसिले में नाहन पहुंचना था, लिहाजा चौगान मैदान में पार्किंग की व्यवस्था हुई थी। चौगान मैदान के आसपास से गुजरने वाले लोग ये नहीं समझ पा रहे थे कि आखिर इतनी संख्या में गाड़ियां कहां से और क्यों आई हैं।
दरअसल, इन गाड़ियों में हिमाचल प्रदेश राज्य सहकारी बैंक के कर्मचारी मतदान के चलते पहुंचे थे। उधर, पीठासीन अधिकारी अवतार सिंह ने कहा कि अध्यक्ष पद पर गिरीश मेहता को निर्वाचित घोषित किया गया है, जबकि महासचिव के पद पर मुकेश आजाद चुनाव जीते हैं।