मंडी, 25 फरवरी : अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन मंडी जनपद के आराध्य देवता बड़ा देव कमरूनाग छोटी काशी से विदा हो गए। इससे पूर्व सर्व देवता समिति व जिला प्रशासन के द्वारा बड़ादेव कमरूनाग को राज बेहडे में नजराना व चादर भेंट की गई। इसके उपरांत बडा देव कमरूनाग ने बाबा भूतनाथ के मंदिर में हाजिरी भरी। यहां पर हाजिरी भरने के बाद देव कमरूनाग ने सेरी चानणी पर लोगों को कुछ देर के लिए दर्शन दिए।

सर्व देवता समिति अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने बताया कि कमरू घाटी पहुंचने के लिए भी बड़ादेव को कई दिन लगेंगे। इस दौरान बडादेव कमरूनाग श्रद्धालुओं के बुलावे पर अपनी इच्छा के अनुसार मेहमान बनकर भक्तों के घर जाते हैं। बड़ादेव अपने लाव लश्कर के साथ अब कई दिनों तक भक्तों के यहां मेहमान रहेंगे, इसके बाद अपने मूल स्थान पर पहुंचेंगे। बड़ादेव कमरूनाग शिवरात्रि महोत्सव के दौरान मंडी की टारना माता मंदिर में विराजमान रहते हैं। यहां पर वह 7 दिन तक श्रद्धालुओं को दर्शन देते हैं।
बड़ा देव कमरुनाग के आगमन से ही मंडी शिवरात्रि का शुभारंभ होता है और बड़ा देव कमरुनाग की विदाई के बाद ही जनपद के सभी देवी देवता अपने मूल स्थान के लिए रवाना होते हैं। वहीं शिवरात्रि महोत्सव के अंतिम दिन मंडी जनपद के सैंकड़ों देवी देवता चौहट्टा की जातर में शामिल हुए। इस दौरान देवी-देवताओं ने चौहट्टा में विराजमान होकर सैकड़ों श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया। इस मौके पर चोहट्टा बाजार में देव मिलन का अद्भुत नजारा देखने को मिला।