रोनहाट, 22 फरवरी : हिमाचल प्रदेश की चतुर्थ वाहिनी होमगार्ड नाहन के जवानों का एक प्रतिनिधिमंडल सिरमौर के जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर की अध्यक्षता में हिमाचल प्रदेश सरकार में उद्योग, संसदीय कार्य एवं आयुष मंत्री और शिलाई विधानसभा के विधायक हर्षवर्धन चौहान से मिला।

होमगार्ड के जवानों ने सिरमौर में होमगार्ड जवानों की ड्यूटी संबंधित समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। जवानों का कहना है कि सिरमौर जिला 3 राज्यों की सीमा से सटा है। पांवटा, कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र होने के कारण यहां पर कानून व्यवस्था और यातायात जैसी समस्याएं बढ़ती जा रही है। जिस को दुरुस्त करने के लिए हिमाचल प्रदेश पुलिस के साथ होमगार्ड के जवान भी कंधे से कंधा मिलाकर दिन रात काम कर रहे हैं। बाहरी लोगों के आवागमन और अधिक वाहनों की आवाजाही के कारण यह समस्या लगातार बढ़ रही है।
इसी को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर ने पुराने पुलिस थानों, पुलिस चौकियों के साथ-साथ नये पुलिस थानों, पुलिस चौकियों में भी होमगार्ड जवानों की ड्यूटी बढ़ाने के लिए डीजीपी हिमाचल प्रदेश से आग्रह किया है। जिसमें 130 गृह रक्षकों की सेवा लेने का आग्रह विभाग व सरकार से किया है।
गृह रक्षकों ने मंत्री हर्षवर्धन चौहान से स्वास्थ्य विभाग से हटाई गई गृह रक्षकों की ड्यूटी को भी वापस लगवाने का आग्रह किया है। उन्होंने आरटीआई की रिपोर्ट का हवाला देते हुए बताया की सरकार को आउटसोर्स के तहत 2-3 लाख रुपये का अतिरिक्त बोझ पड़ रहा है।
प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष रमेश ठाकुर ने बताया की जल्द ही प्रदेश कार्यकारिणी जवानों के कल्याण हेतु राज्य स्तरीय बैठक करके प्रदेश के मुख्यमंत्री को अपनी मांगों से अवगत करवाने जा रही है। जिसमें जवानों के मुद्दे सरकार के समक्ष रखे जाएंगे। इस दौरान शिलाई से टिकम सिह, वीरेंद्र सिंह, खजाना सिंह, सुखराम शर्मा, नरेश शर्मा आदि गृह रक्षक भी मौजूद रहे।