शिमला, 20 फरवरी : 68 दिनों के गतिरोध के बाद हिमाचल प्रदेश में अदानी समूह व ट्रांसपोर्टरों के बीच चल रहा सीमेंट विवाद खत्म हो गया है। सरकार की मध्यस्थता के बाद आज सीमेंट विवाद पर विराम लग गया। अडानी समूह और ट्रक ऑपरेटरों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक के बाद विवाद सुलझ गया है। कल से दाड़लाघाट और बरमाणा दोनों सीमेंट प्लांट में काम शुरू हो जाएगा।

सीमेंट विवाद सुलझने के बाद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि उनके मुख्यमंत्री बनने के 5 दिन बाद ही दाडलाघाट व बरमाणा दोनों सीमेंट कंपनियां बंद कर दी गई थी।सरकार ने दोनों पक्षों को सुना, क्योंकि यह हिमाचल प्रदेश के ट्रांसपोर्टरों सहित कई लोगों का रोजी रोटी का सवाल था। इन सभी चीजों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने अडानी समूह और ट्रांसपोर्टरों के बीच के मसले को सुलझा लिया है। कल से अब यह प्लांट शुरू हो जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 6 टायर वाले ट्रक का रेट 10 रुपये 30 पैसे प्रति किलोमीटर,प्रति क्विंटल, जबकि 12 टायर वाले ट्रक के लिए 9 रुपये 30 पैसे प्रति किलोमीटर, प्रति क्विंटल किराया तय किया गया हैं। अन्य जो भी मसले हैं वह संबंधित डीसी सुलझाएंगे।
दाडलाघाट ट्रांसपोर्ट यूनियन के अध्यक्ष रामकृष्ण शर्मा का कहना है कि सरकार की मध्यस्थता के बाद मसला सुलझा है। उनकी सारी मांगे अभी नहीं मानी गई हैं। ट्रांसपोर्टरों के बहुत सारे मसले अभी भी कंपनी के साथ लंबित पड़े हैं। ऐसे में उन्हें उम्मीद है कि कंपनी हिमाचल व ट्रांसपोर्ट के हितों का ध्यान रख काम करेगी। उन्होंने बताया की कंपनी ने ये भी माना है कि इसमें ट्रक के फेरे भी ज्यादा मिलेंगे। विवाद से पहले ये दाम 10 रुपये 58 पैसे मिलते थे।