बिलासपुर, 19 फरवरी : हिमाचल के युवा लगातार प्रदेश का नाम रोशन कर रहे है। बिलासपुर जिला के कल्लर के रहने वाले विकास ठाकुर ने मध्य प्रदेश न्यायिक सेवा परीक्षा पास कर न्यायाधीश बनने का गौरव हासिल किया है। विकास लंबे समय से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और अब मेहनत के बल पर कामयाबी हासिल हुई है। उन्होंने यह परीक्षा 2021 में दी थी, जिसका परिणाम शनिवार को आया है। परीक्षा को पास करने वाले विकास सबसे कम साल के युवा हैं।

विकास ठाकुर ने अपनी आठवीं तक की पढ़ाई कल्लर के लिटिल एंजल पब्लिक स्कूल से की थी। इसके बाद 10वीं व जमा दो की पढ़ाई मिनर्वा स्कूल घुमारवीं से की थी। विकास ठाकुर ने बी-एलएलबी ऑनर्स की पढ़ाई यूआई एलस पंजाब यूनिवर्सिटी चंडीगढ़ से की और एलएलएम की पढ़ाई पंजाब यूनिवर्सिटी से की।
बता दें कि विकास ठाकुर के पिता नंदलाल ठाकुर कल्लर में ही दुकान चलाते हैं, जबकि माता बिंद्रा ठाकुर गृहिणी हैं। विकास के बड़े भाई विशाल ठाकुर ने भी एलएलबी की है। वहीं विकास ठाकुर ने 2021 में पंजाब यूनिवर्सिटी में एलएलएम एंट्रेंस टैस्ट में देश में पहला स्थान हासिल किया और इसी साल एआईएलईटी टेस्ट में 13वां स्थान हासिल किया था। विकास ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता को दिया है। उन्होंने बताया कि उनका सिलेक्शन सिविल जज जूनियर डिविजन के लिए हुआ है।