शिमला, 19 फरवरी : पांचवी राष्ट्रीय मास्टर्स गेम्स में हिमाचल का डंका बजा है। हिमाचल के खिलाडियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए हॉकी व एथलीट 4 पदक हासिल किए है। प्रतियोगिता का आयोजन हाल ही में उत्तर प्रदेश के आईआईटी काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कैंपस में हुआ था। प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों की 30 वर्ष की आयु से अधिक महिलाओं और पुरुषों ने भाग लिया। इसमें 15 खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया।

प्रतियोगिता में महिला हॉकी टीम ने कप्तान शबाना आजमी के नेतृत्व में केरला को 1-0 से हराकर रजत पदक हासिल किया। कप्तान शबाना ,ज्योति शर्मा, लीला ,नीरू ,कमलजीत कौर ,शाहिना अंजुम, शगुन, रचना, शाहीन चौधरी, अंजना राव ,नीलम शर्मा, नीना सेन, पूनम ,पिंकी ,सुमन ठाकुर, सुमन शर्मा ने खेल में भाग लिया। कोच नईम शेख व मैनेजर पुष्कर नेगी ने खिलाडियों को पदक जीतने पर बधाई दी।
वहीं एथलीट में हिमाचल की नीना सेन ने तीन पदक हासिल किए। नीना ने 200 मीटर में रजत पदक, 100 मीटर में कांस्य पदक और लॉन्ग जंप में कांस्य पदक हासिल कर हिमाचल का नाम रोशन किया है।