शिमला, 18 फरवरी : शिव प्रताप शुक्ला ने शनिवार को राजभवन में हिमाचल के 29वें राज्यपाल के रूप में संस्कृत भाषा में शपथ ली। हिमाचल हाई कोर्ट की कार्यकारी मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सबीना ने शिव प्रताप शुक्ला को शपथ दिलाई।

शपथ समारोह में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री, मंत्रिमंडल के अन्य मंत्री, कांग्रेस प्रभारी राजीव शुक्ला, नेता विपक्ष जयराम ठाकुर सहित हिमाचल उच्च न्यायालय के न्यायाधीश सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
शपथ के बाद शिव प्रताप शुक्ला ने कहा कि देव भूमि में उन्हें काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उन्होंने इसके लिए राष्ट्रपति का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पूर्व के राज्यपालों द्वारा चलाए गए योजनाओं को आगे बढ़ाएंगे। इसके लिए मुख्यमंत्री से आग्रह किया जाएगा। प्रदेश में नशे को रोकने, पीएम की योजना स्किल डेवलपमेंट के लिए काम किया जाएगा। बैंक इसके लिए युवाओं को ऋण देते हैं।
राज्यपाल ने प्रदेश में फरवरी महीने में बढ़ते तापमान पर चिंता जाहिर की। उन्होंने कहा कि गोरखपुर व शिमला के मौसम में कोई ज्यादा फर्क नहीं है। यह बर्फ न पड़ने के कारण हुआ है। वृक्षारोपण पर ध्यान दिया जाएगा। अधिकांश यात्रा सड़क मार्ग से करूंगा, ताकि लोगों की समस्या को जान कर उन्हे सरकार के ध्यान में लाया जा सके।