मंडी, 17 फरवरी : छोटी काशी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव में शिरकत करने के लिए आराध्य देव बड़ा देव कमरूनाग मंडी जनपद में पहुंच गए हैं। शुक्रवार को जिला प्रशासन, सर्व देवता समिति के प्रधान शिवपाल शर्मा व अन्य लोगों ने उनका पूल घराट में भव्य स्वागत किया।

बड़ा देव कमरूनाग ने मंडी पहुंचने पर सबसे पहले राज माधव राय मंदिर में अपनी हाजिरी भरी और उसके बाद राज परिवार की परंपरा के अनुसार राज महल में ओमेश्वर सिंह ने बड़ा देव कमरुनाग का स्वागत किया। इसके बाद देव कमरुनाग अपने लाव लश्कर के साथ टारना माता मंदिर के लिए रवाना हो गए।
देव कमरुनाग 7 दिनों तक टारना माता मंदिर में विराजमान रहेंगे। वहीं इस दौरान देव कमरूनाग के दर्शनों के लिए सैकड़ों की संख्या में भी श्रद्धालु की भीड़ बाजार में उमड़ी। आज बड़ा देव कमरूनाग के पहुंचने से छोटी काशी मंडी देवमई हो गई है। बड़ा देव कमरूनाग के मंडी पहुंचने के बाद शिवरात्रि शुरू हो जाती है।
राज माधव राय मंदिर में विधायक धर्मपुर चंद्रशेखर, जिला प्रशासन की ओर से एडीसी निवेदिता नेगी, एडीएम अश्वनी कुमार एसडीएम सदर रितिका जिंदल, सर्व देवता समिति की ओर से प्रधान शिवपाल शर्मा, सचिव मनोज कुमार, नगर निगम मेयर दीपाली जसवाल, डिप्टी मेयर वीरेंद्र भट्ट सभी देवी देवताओं का स्वागत किया।
इस मौके पर सर्व देवता समिति के अध्यक्ष शिवपाल शर्मा ने कहा कि शिवरात्रि महोत्सव के लिए जनपद के अन्य देवी देवता भी बड़ा देव कमरुनाग के बाद पहुंचना शुरू हो गए हैं, सुकदेव ऋषि थट्टा, सुकदेव ऋषि शारटी, बुड्ढा बिगंल, देव झाथी वीर, देवी बगलामुखी, देवी बगला कामेश्वरी पहुंच चुके हैं। उन्होंने बताया कि बीते रोज पराशर ऋषि भी मंडी शिवरात्रि में शिरकत करने के लिए जनपद में पहुंच चुके हैं व कल 200 से ज्यादा देवी देवता छोटी काशी में पधारेंगे।
बता दें कि बड़ा देव कमरूनाग को बारिश का देवता भी कहा जाता है। शिवरात्रि महोत्सव में जितने भी देवी देवता शिरकत करते हैं, उनमें से बड़ा देव कमरूनाग ही ऐसे देवता हैं जो टारना माता मंदिर में 7 दिनों तक विराजमान रहते हैं। टारना माता मंदिर में ही बड़ा देव कमरूनाग अपने भक्तों को आशीर्वाद देते हैं।
मंडी जनपद में इस बार अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव 19 फरवरी से 25 फरवरी तक मनाया जा रहा है। 19 फरवरी को मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू पहली जलेब में शामिल होकर महोत्सव का शुभारंभ करेंगे।