शिमला, 11 फरवरी : मध्य प्रदेश के भोपाल में आयोजित ‘खेलो इंडिया’ गेम्स (Khelo India Games) में हिमाचल का शानदार प्रदर्शन रहा। 30 जनवरी से 11 फरवरी तक आयोजित खेलों में पहाड़ी प्रदेश के खिलाड़ियों ने 8 पदक बटोरे हैं। खास बात ये है कि महिला मुक्केबाज अंजना ठाकुर, कशिश के अलावा बादल ने रजत पदक पर कब्जा किया।

सूबे के खेल मंत्री विक्रमादित्य ( Sports Minister Vikramaditya) ने खेल निदेशक राजीव कुमार को खिलाड़ियों की हौसला अफजाई के उद्देश्य से खास तौर पर भोपाल भेजा था। हिमाचल की महिला कबड्डी टीम ने कांस्य पदक हासिल किया है। इस टीम में अंकिता, तन्वी, रिधम, अंशु, शगुन, जसप्रीत, लुहा, शानवी, श्रुति, निकिता, शिवानी व मीना ठाकुर शामिल थी।

जुडो में गुंजन ठाकुर ने कांस्य पदक प्राप्त किया। वेटलिफ्टिंग में सुवांश ठाकुर के हिस्से रजत पदक आया, जबकि गोल्डी ने कांस्य पदक पर कब्जा किया। रेसलिंग के 65 किलो वर्ग में प्रेरणा मेहता ने कांस्य पदक पर कब्जा किया है।
खेल मंत्री विक्रमादित्य ने कहा कि प्रदेश से 63 खिलाड़ियों ने खेलो इडिया यूथ गेम्स (Khelo India Youth Games) में हिस्सा लिया। पदक न जीतने वाले खिलाडियों का भी खेल मंत्री ने मनोबल बढ़ाया। साथ ही कहा कि अगले वर्ष होने वाली प्रतियोगिताओं के लिए लौटते ही तैयारी में जुट जाएं।

उधर, खेल निदेशक राजीव कुमार ने कहा कि खिलाड़ियों के अथक प्रयास से ही पदक हासिल हुए हैं। उल्लेखनीय है कि सूबे के खेल मंत्री ने भी 8 व 9 फरवरी को भोपाल पहुंचकर खेलो इंडिया के आयोजन में हिस्सा लिया था। भोपाल में उच्च अधिकारियों से चर्चा की थी। साथ ही स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर का भी जायजा लिया था। इसके बाद स्पोर्ट्स मंत्री ने कहा था कि भोपाल से काफी कुछ सीखा जा सकता है। राज्य भी स्पोर्टस को लेकर भोपाल का अनुसरण करेगा।