सोलन, 7 फरवरी : नालागढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत ढांग निहली की तत्कालीन महिला सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दायर किया गया है। पुलिस के साथ-साथ खंड विकास कार्यालय नालागढ़ भी जांच करेगा। महिला सचिव के खिलाफ 4.45 लाख रुपए की सरकारी राशि की हेराफेरी करने का आरोप है।

जानकारी के मुताबिक विभागीय जांच में पंचायत सचिव मोनिका देवी को दोषी पाया गया था। इसके बाद महिला सचिव को निलंबित भी कर दिया गया। आरोप है कि सचिव ने पंचायत प्रधान के जाली हस्ताक्षर के सहारे पौने 5 लाख रुपए के घोटाले को अंजाम दिया था।
खंड विकास अधिकारी गौरव धीमान ने कहा कि जांच पुलिस को सौंपी गई है। उधर, डीएसपी मानविंदर ठाकुर ने सचिव के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज होने की पुष्टि की है।