हमीरपुर, 4 फरवरी : छोटी सी उम्र में राजनीति में आए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू शनिवार को अपने गृह जिला हमीरपुर में पधारे। हमीरपुर वासियों ने उनका खूब अभिनंदन किया। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने भी दिल को खोलकर हमीरपुर वासियों का अभिनंदन स्वीकार किया। सुक्खू ने कहा कि इस जिले को दोबारा मुख्यमंत्री बनने का गौरव प्राप्त हुआ है। काफी वर्ष पहले यह जिला छूट गया था। 1998 में प्रेम कुमार धूमल मुख्यमंत्री बने थे, जबकि 8 दिसंबर 2022 को मुझे भी सीएम बनने का सौभाग्य मिला है।

स्वर्गीय वीरभद्र सिंह प्रदेश के 6 बार मुख्यमंत्री कांग्रेसी रहे। शांता कुमार भी मुख्यमंत्री थे। इस बार जनता ने यह पहले ही सुनिश्चित कर लिया था कि इस जिले से मुख्यमंत्री बनेगा। यही कारण है कि यहां 4 सीटें कांग्रेस को दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की जनता पूर्व की भाजपा सरकार को कभी माफ नहीं करेगी। क्योंकि उन्होंने प्रदेश को कर्जे में डुबोकर रख दिया।
आर्थिक तंगी से यह प्रदेश जूझ रहा है, लेकिन विकास निरंतर जारी रहेगा। प्रदेश में एक समान विकास करवाया जाएगा,जो बजट में पेश किया जाएगा। प्रदेश के हर जिला में विकास कार्य को लेकर बहुत कुछ देखने को मिलेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं कभी जिंदगी में मंत्री नहीं बना। 12 साल की आयु में राजनीति शुरू की। सरकार ने गारंटी दी थी, पुरानी पेंशन बहाल की जाएगी। बुजुर्ग अवस्था में कर्मचारियों को आर्थिक परेशानी ना हो, 75000 करोड़ का कर्जा साढ़े 5000 करोड़ की देनदारियां है। जो छठे वेतन आयोग के एरियर से संबंधित हैं।
4 साल बाद व्यवस्था हिमाचल की पटरी पर आएगी। यदि कड़े कदम नहीं उठाए गए, तो यहां श्रीलंका जैसे हालात हो सकते हैं। इसलिए सभी लोगों का इसके लिए सहयोग जरूरी है। आने वाला समय सुनहरा होगा।