नाहन, 4 फरवरी : सिरमौर पुलिस (Sirmaur Police) की कड़ी मेहनत रंग लाई है। तकरीबन दो साल बाद सुरला के चौरियां गांव के रहने वाले आत्माराम से ऑनलाइन फ्राॅड (Online Fraud) कर 19 लाख की राशि हड़पने वाले तीन जालसाजो को खाकी ने सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है। ठगी का सिलसिला दो मार्च 2021 को दोपहर सवा 2 बजे शुरू हुआ।
ऐसे दिया गया ठगी को अंजाम…
बैंक मैनेजर बन ठग ने एटीएम कार्ड लाॅक होने की बात कही। आधार कार्ड व बैंक खाता नंबर लेने के बाद एटीएम कार्ड का नंबर भी हासिल कर लिया। इसके बाद पत्नी के मोबाइल से फोन करने को कहा गया। पत्नी के मोबाइल पर ओटीपी नंबर आया। इसके बाद 25 हजार रुपए की राशि उड़ा ली गई।
कुछ समय पश्चात ठग ने दोबारा फोन करते हुए कहा कि आपकी पत्नी के खाते में नाॅमिनी नहीं है, ओटीपी आएगा। इस बार 35 हजार रुपए उड़ाए गए। शिकायतकर्ता ने काॅलर से पूछा तो उसने कहा कि सर्वर में प्राब्लम की वजह से राशि कटी है। 24 घंटे के भीतर वापस आ जाएगी।
अगले दिन सुबह पुनः फोन आया, इस बार कहा गया कि पत्नी के पैसे वापस किए जा रहे हैं, इनका नाॅमिनी एक्टिवेट नहीं हुआ है। इसके बाद खाते से 50 हजार रुपए ओर निकल गए। अलग-अलग तरीके अपनाकर ठगों ने 19,03,376 रुपए पर हाथ साफ कर दिया। नाहन पुलिस ने आईपीसी की धारा-420 के अलावा आईटी एक्ट (IT Act) की धाराओं में मुकदमा दायर कर लिया।

ऐसे खाकी ने पकड़ा गिरेबान….
सिरमौर पुलिस ने निरीक्षक सेवा सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया। इसमें मुख्य आरक्षी विकास कांडा, रोहित कुमार के अलावा आरक्षी अमरेंद्र सिंह व कुलविंदर सिंह को शामिल किया गया। टीम को पहली सफलता 6 जनवरी 2023 को मिली। महाराष्ट्र के नासिक से चेतन राजेश चौहान को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि ऑनलाइन अपराध में अन्य लोग भी शामिल हैं। 23 जनवरी 2023 को टीम मुंबई रवाना हुई।
टीम ने प्रीतम रवि कुमार सौनी से नवी मुंबई में पूछताछ की। उसने अरविंद कुशवाहा का नाम उजागर किया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुंबई से भोपाल का रुख कर लिया। अरविंद को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ के बाद साक्ष्य जुटाए गए। तत्पश्चात मुंबई व भोपाल के आरोपियों को भी 3 फरवरी को गिरफ्तार किया गया।
आरोपियों में नासिक के रहने वाले चेतन राजेश चौहान की उम्र 21 साल है। जबकि दूसरे आरोपी प्रीतम रवि कुमार 31 साल का है। भोपाल के रहने वाले कुशवाहा की उम्र 33 वर्ष है। ऐसा प्रतीत हो रहा है कि ये जानबूझ कर सैंकड़ों किलोमीटर दूर बैठकर संगठित तरीके से ऑनलाइन फ्राॅड को अंजाम दे रहे थे। पुलिस ये भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि क्या इस तरह की अन्य वारदातों को भी अंजाम दिया गया था या नहीं।
टीम को प्रशस्ति पत्र…
सिरमौर के पुलिस अधीक्षक रमन कुमार मीणा ने कड़ी मेहनत व कार्य के प्रति लगन को देखते हुए बाहरी राज्यों के अलग-अलग क्षेत्रों से आरोपियों की गिरफ्तारी की प्रशंसा की है। पुलिस अधीक्षक ने टीम को प्रशस्तिपत्र भी प्रदान किया है। साथ ही कहा कि यदि कोई भी कार्य मेहनत, लगन व निष्ठापूर्वक किया जाए तो कुछ भी असंभव नहीं होता।