हमीरपुर, 04 फरवरी : प्रदेश के मुख्यमंत्री शनिवार को हमीरपुर पहुंचे। सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू का हमीरपुर वासियों ने जोरदार इस्तकबाल किया। भोटा चौक से हमीरपुर के गांधी चौक तक भव्य रूप से रैली निकाली गई। मुख्यमंत्री बनने के बाद ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू हमीरपुर दूसरी बार हमीरपुर पहुंचे थे। वहीं गांधी चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रेड कारपेट बिछाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया।

जनता को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि हमारी सरकार ने अनाथ बच्चों के लिए काम किया है। हमारी सरकार ने अब प्रदेश के अनाथ बच्चों को पालने का प्रण लिया है। उन्होंने आगे कहा कि हिमाचल मेरा परिवार है। मैंने 17 साल की उम्र में ही राजनीति में कदम रखा।
मैंने सरकारी कर्मचारियों को करीब से देखा है वहीं आम आदमी के बीच भी मैं रहा हूं। हमारी सरकार ने ओल्ड पेंशन को लागू किया और अपना वायदा निभाया। उन्होंने कहा कि हमारा प्रदेश कृषि प्रधान राज्य है। लेकिन हमारा किसान सुखी नहीं है। हमारी सरकार किसानों के विकास में काम करेंगी। किसानों की आर्थिक स्थिति को सुधारा जाएगा।
उन्होंने आगे कहा कि, हमीरपुर में विकास की कोई कमी नहीं रहेंगी। हमीरपुर में जल्द ही बस अड्डा बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस बार के बजट में ही बस अड्डे के लिए प्रावधान किया जाएगा। हमीरपुर के बस अड्डे में सभी सुविधाओं का ख्याल रखा जाएगा। वहीं हमीरपुर में एक इडोर स्टेडियम का काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, हमीरपुर के सभी उपमंडलो को ग्रीन कॉरिडोर में जोड़ा जाएगा।
मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने हमीरपुर को सौगात देते हुए कहा कि हमीरपुर के मेडीकल काॅलेज को काम जल्द पूरा होगा। वहीं, इसमें वर्ल्ड क्लास सुविधाएं भी होगी। आगे मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर पर तंज करते हुए कहा कि प्रदेश को कर्जे में डूबाने का काम जयराम सरकार ने किया है।
ये बोले विधायक आशीष शर्मा
हमीरपुर के विधायक आशीष शर्मा ने हमीरपुर की जनता को संबोधित करते हुए कहा कि आज हमीरपुर के लिए सौभाग्य की बात है कि आज प्रदेश का मुख्यमंत्री हमारे हमीरपुर का है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अपील की कि हमीरपुर के लिए एक बस अड्डा दिया जाए। ताकि यहां के लोगों को सुविधा मिल सके।
वहीं उन्होंने कहा कि हमीरपुर के मंदिरों को भी पर्यटन की दृष्टि से विकसित किया जाए। आशीष शर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री एक साधारण परिवार से संबंध रखते है। उन्होंने कहा कि आम आदमी जब भी चाहे प्रदेश के मुख्यमंत्री से मिल सकता है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रात के एक बजे तक भी जनता की समस्याएं सुनी है । उन्होंने कहा कि प्रदेश का भविष्य अब सुरक्षित हाथों में है।