ऊना, 04 फरवरी : भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश कार्यसमिति बैठक से पहले शनिवार सुबह पार्टी के प्रदेश इकाई पदाधिकारियों की अहम बैठक का आयोजन किया गया। हालांकि इससे पूर्व शुक्रवार देर रात तक भाजपा कोर कमेटी की लंबी बैठक करीब 4 घंटे तक चली, जिसमें कई मुद्दों पर विचार मंथन किया गया।

शनिवार सुबह भाजपा पदाधिकारियों की बैठक के लिए पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, प्रेम कुमार धूमल, प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप, प्रदेश प्रभारी अविनाश राय खन्ना, सह प्रभारी संजय टंडन, पार्टी के महामंत्री त्रिलोक जमवाल समेत तमाम बड़े पदाधिकारी इस बैठक के लिए जिला मुख्यालय के भाजपा कार्यालय पहुंचे।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और वरिष्ठ नेता सतपाल सिंह सत्ती ने कहा कि प्रदेश कार्यसमिति बैठक में कई विषयों पर चर्चा की जाएगी। प्रदेश कार्यसमिति में लिए गए तमाम फैसलों को समापन पर सभी को अवगत भी कराया जाएगा।
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं विधायक सतपाल सिंह सत्ती ने 10 गारंटी को लेकर भी कांग्रेस पर जमकर हमला बोला। उन्होंने बोला कि कांग्रेस की संस्कृति रही है कि जनता को ठग कर और बरगला कर ही वोट हासिल करती रही है। इस बार भी कांग्रेस ने कुछ ऐसा ही किया है।
उन्होंने कहा कि सत्ता प्राप्ति के 10 दिनों के भीतर 18 से 60 वर्ष उम्र की सभी महिलाओं को 1500 रुपए प्रतिमाह देने का वादा करने वाली कांग्रेस ने सत्ता प्राप्ति के बाद अब इस पर जोड़-तोड़ शुरू कर दिया है। प्रदेश के लाखों कर्मचारियों को पुरानी पेंशन स्कीम देने का वादा करने वाली कांग्रेस बताएं कि अभी भी क्यों कर्मचारियों का पैसा न्यू पेंशन स्कीम में काटा जा रहा है।