कुल्लू, 03 फरवरी : भारी बर्फबारी के बाद हिमाचल के लाहौल स्पीति के लोगों की जिंदगी भारी चुनौतियों से जूझ रही है। मियाड़ घाटी के छालिंग गांव की रहने वाली महिला पदमा देचन भी ऐसी ही एक समस्या में फंस गई। गंभीर बीमार से जूझ रही महिला की हालात बिगड़ने पर उसे तुरंत विशेषज्ञ चिकित्सीय सहायता की जरूरत थी। चूंकि अधिकतर सड़कें बंद थी लिहाजा महिला को अस्पताल पहुचाने के लिए खासी जद्दोजहद चल रही थी।
स्थानीय विधायक रवि ठाकुर ने प्रयास तेज किए और विकट परिस्थितियों में प्रदेश सरकार का हेलीकॉप्टर उपलब्ध करवाकर महिला को मेडिकल इमरजेंसी के आधार पर घाटी से एयरलिफ्ट दिया गया।
उधर, बीडीसी सदस्य दिलीप का कहना है कि उन्हें जब महिला के परिजनों ने संपर्क किया और बताया कि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। तुरंत उच्च स्वास्थ्य सुविधाओं की आवश्यकता है, लिहाजा वे यह मामला स्थानीय विधायक रवि ठाकुर के समक्ष रखें। लाहौल स्पीति के विधायक रवि ठाकुर को जब महिला के गंभीर रूप से बीमार होने का पता चला तो उन्होंने प्राथमिकता के आधार पर तुरंत मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू से संपर्क साधा और पूरी स्थिति से उन्हें अवगत करवाया। वे लगातार सरकार से संपर्क बनाए हुए थे। उन्होंने मियाड़ घाटी के लिए हेलीकॉप्टर की उड़ान करवाने की मांग की।

विधायक रवि ठाकुर ने इस संबंध में जीएडी के उच्च अधिकारियों से भी संपर्क साधा और जल्द से जल्द उड़ानों का शेड्यूल जारी करने की मांग की। विधायक रवि ठाकुर की मेहनत रंग लाई और शुक्रवार सुबह बीमार महिला को एयरलिफ्ट करने के लिए प्रदेश सरकार ने हेलीकॉप्टर पहुंच गया। महिला को भुंतर अस्पताल में भर्ती करवाया गया। महिला के परिजनों ने भी विधायक रवि ठाकुर व प्रदेश सरकार का विशेष तौर पर आभार व्यक्त किया है।
बतादें कि हाल ही में लाहौल स्पीति में हुई भारी बर्फबारी के कारण घाटी के विभिन्न क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था ठप है। अधिकतर क्षेत्रों में सड़कों की बहाली का कार्य युद्ध स्तर पर चला हुआ है। ऐसे में बीमार व्यक्तियों को अस्पताल पहुंचाया अपने आप में एक चुनौती है।
उधर, विधायक रवि ठाकुर का कहना है कि उनका यह कर्तव्य था कि वह हर हाल में उक्त महिला को एयरलिफ्ट करवाएं। उन्होंने सरकार से इसकी मांग की और महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।