रिकांगपिओ, 30 जनवरी : जिला में रविवार देर शाम से हो रही बर्फ़बारी सोमवार को भी जारी है। इस सर्दी में सबसे अधिक बर्फ़बारी दर्ज की गई है। समूचे क्षेत्र में हुई बर्फ़बारी से जहां बागवान-किसान खुश है,वहीं बर्फ़बारी से लोगों को मुसीबत का सामना भी करना पड़ रहा है। जिला में रविवार देर रात से विद्युत आपूर्ति बाधित रही। कई क्षेत्रों में पेयजल लाइन जम जाने से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बर्फ़बारी से जिला का अभी संपर्क सड़कें पूरी तरह से बंद रही।

NH-5 पर भी बर्फ पड़ने से यातायात पूरी तरह ठप्प हो गया है। जिला का हंगरंग वेली, गंग्युल घाटी, कल्पा, रिकांगपिओ में डेढ़ से दो फीट बर्फबारी हुई है। वहीं छितकुल, सांगला में दो से अढाई फ़ीट बर्फ़बारी हुई है। जिला में हो रही बर्फ़बारी से परिवहन निगम रिकांगपिओ की सभी लोकल रूट्स प्रभावित हुए है। वहीं लंबी दूरी के रूट्स पर भी असर पड़ा है।
बताते चले कि रिकांगपिओ निगम की कुछ बसें जिला के भीतर ही जगह-जगह फंसी है। बसें अधिक बर्फ़बारी से रिकांगपिओ नही पहुंच पाई है। हालांकि सीमा सड़क संगठन व हाईवे एथॉरिटी मार्ग से बर्फ हटाने का कार्य शुरू कर दिया गया है। कमांडिग ऑफिसर प्रमोद कुमार ने बताया कि स्पीलो, आकपा, मुरंग, पूह आदि क्षेत्रों में सड़क से बर्फ हटाने के कार्य जारी है। NH – 505 A के जेई संतीश कुमार ने कहा कि जिला मुख्यालय को जोड़ने वाली पावरी से रिकांगपिओ NH-505 A पर सुबह से ही बर्फ हटाने का कार्य जारी है।