नाहन, 27 जनवरी : तलवारबाजी में सिरमौर को राष्ट्रीय स्तर पर सराहां के विश्वजीत ठाकुर ने गौरवान्वित किया है। इसी को लेकर जिला स्तरीय गणतंत्र दिवस के मौके पर उद्योग, आयुष व संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने विश्वजीत ठाकुर पुत्र राजेश सिंह गांव राज्यो-मलाना को सम्मानित किया।
राष्ट्रीय स्तर पर विश्वजीत ने तलवारबाजी में दो रजत, चार कांस्य व राज्य स्तर पर 15 स्वर्ण पदक व 7 रजत पदक के अलावा 9 कांस्य पदक जीते हैं। प्रशासन ने विश्वजीत को सौंपे प्रशस्ति पत्र में लिखा, आपने प्रदेश का नाम रोशन किया है। साथ ही युवाओं के लिए एक प्रेरणा भी बने हैं। प्रशासन सराहनीय कार्य से गौरवान्वित होते हुए प्रशस्ति पत्र आदर व सम्मान से प्रदान कर रहा है।
हाल ही में विश्वजीत ठाकुर उस समय चर्चा में आया था, जब इंटर यूनिवर्सिटी तलवारबाजी प्रतियोगिता में विश्वजीत ने कांस्य पदक पर कब्जा किया था। 21 साल के विश्वजीत मौजूदा में खालसा काॅलेज चंडीगढ़ से एमए की पढ़ाई कर रहे हैं। 7 साल की उम्र से ही तलवारबाजी करते आ रहे हैं। विश्वजीत ने कहा कि प्रशासन द्वारा दिए गए सम्मान से हौसला अफजाई हुई है। उन्होंने उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान का भी आभार प्रकट किया।