शिमला, 14 जनवरी : मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से सेवानिवृत संयुक्त निदेशक बी.सी. बैहक के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।लगभग 88 वर्षीय बीसी बैहक गत कुछ दिनों से अस्वस्थ थे और प्रातः 3.30 बजे उन्होंने अपने शिमला स्थित आवास पर अंतिम सांस ली।
मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि स्वर्गीय बी.सी बैहक को जनसम्पर्क की बेहतर जानकारी के लिए जाना जाता था। 35 वर्ष के सेवाकाल में उन्होंने विभिन्न पदों पर रहते हुए जन-जन तक विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पंहुचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।उन्होंने परमपिता परमात्मा से दिवंगत आत्मा की शांति व शोक संतप्त परिजनों को इस असहनीय दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
वहीं डिप्टी सीएम मुकेश अग्निहोत्री ने भी प्रदेश सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से सेवानिवृत संयुक्त निदेशक बी.सी. बैहक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उप मुख्यमंत्री ने अपने शोक संदेश में कहा कि अपने सेवाकाल में स्वर्गीय बीसी बैहक ने युवा जन सम्पर्क कर्मियों को जनसम्पर्क की बारीकियों से अवगत करवाया और भविष्य के जागरूक जन सम्पर्क कर्मी तैयार किए। उन्होंने कहा कि लोक सम्पर्क के क्षेत्र में स्वर्गीय बीसी बैहक के योगदान को सदैव स्मरण रखा जाएगा।
हिमाचल प्रदेश सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग की निदेशक किरण भड़ाना और विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सेवानिवृत संयुक्त निदेशक बी.सी. बैहक के निधन पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।बता दें कि स्वर्गीय बी.सी बैहक शिमला, बिलासपुर व सिरमौर ज़िला में जिला लोक सम्पर्क अधिकारी के पद पर सेवारत रहे और निदेशालय में उप निदेशक एवं संयुक्त निदेशक पर पर कार्यरत रहे। उन्होंने समय-समय पर प्रदेश के राज्यपाल तथा मुख्यमंत्री के प्रेस सचिव के रूप में भी सेवाएं दी।