नाहन, 13 जनवरी : हिमाचल प्रदेश के उद्योग, आयुष व संसदीय मामले मंत्री हर्षवर्धन चौहान बतौर कैबिनेट मिनिस्टर पहली बार सिरमौर पहुंच रहे हैं। 15 व 16 जनवरी को कार्यक्रम तय हुआ है। तेजतर्रार व स्वच्छ छवि के हर्षवर्धन चैहान के प्रवास की एक खास बात ये है कि वो 15 व 16 जनवरी को पांच में से चार विधानसभा क्षेत्रों की जन समस्याएं भी सुनेंगे।
अमूमन राजनीतिज्ञ बड़ा पद मिलने के बाद सीधे गृह निर्वाचन क्षेत्र का रुख करते हैं, लेकिन उद्योग मंत्री ने एक अलग सोच दिखाई है। 15 जनवरी को शिमला से सुबह 11 बजे सराहां पहुंचेंगे। यहां जन समस्याओं को सुनने का कार्यक्रम रखा है। इसके बाद नाहन विधानसभा क्षेत्र का रुख होगा। नाहन में भी जन समस्याएं सुनने के बाद सीधे पांवटा साहिब रवाना हो जाएंगे।
पांवटा साहिब में रात्रि ठहराव के दौरान भी तीसरी मर्तबा जनता के बीच संवाद स्थापित कर धरातल की समस्याओं को जानने की कोशिश करेंगे। सतौन में सुबह साढ़े 10 बजे जन समस्याएं सुनने का शैडयूल है। इसी तरह का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे कमरऊ में होगा। कफोटा में 1ः00 बजे जन समस्याएं सुनेंगे, जबकि जाखना में दोपहर 3ः30 बजे जन समस्याएं सुननी हैं।
हालांकि, कैबिनेट मंत्री हर्षवर्धन चौहान का घर भी जाखना के नजदीक है, लेकिन वो जाखना विश्रामगृह में ही रुक कर जन समस्याएं सुनना चाहते हैं।