शिमला, 10 जनवरी : हिमाचल पुलिस के एक आईपीएस और तीन पुलिस कर्मियों को वर्ष 2021-22 के लिए पुलिस प्रशिक्षण में उत्कृष्टता के लिए केंद्रीय गृह मंत्री पदक से अलंकृत किया गया है। सम्मानित होने वालों में एएसआई, एसआई और हेड कांस्टेबल भी शामिल हैं।

प्रदेश पुलिस मुख्यालय के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को बताया कि सम्मानित हुए चारों पुलिस अधिकारी एवं कर्मी जिला कांगड़ा के पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह में सेवारत हैं। इनमें एसपी रमेश चंद्र छाजटा (आईपीएस अधिकारी), एसआई सतपाल, एएसआई कृष्ण चंद और हैड कांस्टेबल कुलतार सिंह शामिल हैं। भारत सरकार के केंद्रीय गृह मंत्रालय ने वर्ष 2021-22 में पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय डरोह में उल्लेखनीय सेवाओं के लिए इस पदक से नवाजा है।