ऊना, 10 जनवरी : रेल यातायात की सबसे बड़ी दुश्मन धुंध का कहर दिन प्रतिदिन बढ़ता जा रहा है। ऊना में लगातार चौथे दिन भी कोहरे और धुंध का ट्रेनों की आवाजाही पर प्रतिकूल असर दिखाई दिया। रेलवे स्टेशन पर पहुंचने वाली जनशताब्दी, साबरमती एक्सप्रेस व वंदे भारत समेत छह ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंची। इसकी वजह से न केवल यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए समय अधिक खर्च करना पड़ा, बल्कि ठंड की वजह से उनको घंटों ट्रेन में ठंडी हवाओं के थपेड़े भी सहने पड़े।

कौन सी ट्रेन कितनी देरी से पहुंची
दिन के साथ-साथ रात को भी ऊना स्टेशन पर ट्रेनें देरी से पहुंच रही है। रात को आने वाली जनशताब्दी ट्रेन भी अपने तय समय से लेट हुई। सोमवार को जन शताब्दी का ऊना स्टेशन पर पहुंचने का समय रात 9 बजकर 20 मिनट है, जोकि सवा एक घंटे की देरी से स्टेशन पर पहुंची। वहीं मंगलवार को भी पांच ट्रेनों पर कोहरे का असर साफ दिखा। हिमाचल एक्सप्रेस अपने तय समय से 51 मिनट की देरी से 7 बजकर 26 मिनट पर ऊना स्टेशन पहुंची।
साबरमती एक्सप्रेस 54 मिनट की देरी के साथ 11 बजकर 49 पर स्टेशन पहुंची। वहीं आधुनिक ट्रेन वंदे भारत भी 17 मिनट की देरी से ऊना स्टेशन पहुंची। अंबाला से ऊना आने वाली पैसेंजर स्पेशल एक्सप्रेस भी करीब 32 मिनट की देरी के साथ पहुंची। इसके अलावा सहारनपुर से ऊना को आने वाली पैसेंजर एक्सप्रेस भी अपने निर्धारित समय से देरी से चली। जिसके चलते ठंड के भी यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।
मौसम विभाग की माने तो एक-दो दिन में होने वाली बारिश के बाद ठंड जरूर बढ़ेगी लेकिन धुंध और कोहरे से राहत मिलने की संभावना है।